
काशीपुर। काशीपुर के युवा हॉकी खिलाड़ी कृष्ण का चयन आगामी जूनियर नेशनल हॉकी चैंपियनशिप के लिए उत्तराखंड टीम में होने पर खेल प्रेमियों और जिले में खुशी का माहौल है। कृष्ण अब 28 जुलाई से 8 अगस्त तक तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। हॉकी उत्तराखंड द्वारा जूनियर नेशनल चैंपियनशिप की तैयारियों के तहत हल्द्वानी में 15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था। इस शिविर में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 25 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण के समापन के बाद आयोजित अंतिम चयन ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का गहन मूल्यांकन किया गया, जिसके आधार पर उत्तराखंड की टीम का गठन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर काशीपुर के कृष्ण ने टीम में अपना स्थान सुनिश्चित किया। कृष्ण के चयन को काशीपुर और जनपद ऊधमसिंह नगर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनके चयन से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। कृष्ण की इस उपलब्धि पर जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की, हॉकी ऊधमसिंह नगर के सचिव योगेश जोशी, हॉकी कोच महिमा भंडारी तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी जे.पी. यादव ने उन्हें बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन और उत्तराखंड का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि कृष्ण अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और प्रदेश के लिए गौरव हासिल करेंगे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
