IMG-20260724-WA0033

काशीपुर। विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास एवं जीवन कौशल को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से दि गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, जैतपुर मार्ग, काशीपुर में एमिटी फिनिशिंग स्कूल, दिल्ली के सहयोग से व्यक्तित्व विकास सत्र का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का संचालन एमिटी फिनिशिंग स्कूल की प्रशिक्षिकाओं रोशी कपूर एवं सरीना भारद्वाज ने किया कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए उनकी आयु एवं आवश्यकताओं के अनुरूप अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। कक्षा 6 एवं 7 के विद्यार्थियों को शिष्टाचार, व्यक्तित्व संवर्धन और अवसरानुकूल वेशभूषा के बारे में जानकारी दी गई। तीन बैचों में आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में शिष्ट व्यवहार, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुसज्जित व्यक्तित्व तथा विभिन्न अवसरों के अनुरूप पहनावे के महत्व को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया। कक्षा 8 एवं 9 के विद्यार्थियों के लिए शारीरिक हाव-भाव (बॉडी लैंग्वेज) एवं प्रभावी संवाद कौशल पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। प्रशिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, सकारात्मक शारीरिक भाषा अपनाने, प्रभावी संप्रेषण और व्यवहार कुशलता के महत्व को संवादात्मक गतिविधियों एवं प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। वहीं कक्षा 11 के विद्यार्थियों के लिए समय प्रबंधन विषय पर विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को समय का सुनियोजित उपयोग, कार्यों की प्राथमिकता तय करने तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रभावी समय प्रबंधन की उपयोगी तकनीकों से अवगत कराया गया।सत्रों को रोचक और सहभागितापूर्ण बनाने के लिए संवादात्मक गतिविधियों, व्यावहारिक अभ्यासों एवं प्रेरक उदाहरणों का समावेश किया गया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, जिज्ञासा और सक्रिय सहभागिता के साथ प्रशिक्षण में भाग लिया, जिससे सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और आनंददायक बनी। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस प्रकार के व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी संप्रेषण कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह प्रशिक्षण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ। विद्यालय परिवार ने एमिटी फिनिशिंग स्कूल, दिल्ली की प्रशिक्षिकाओं रोशी कपूर एवं सरीना भारद्वाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव, मार्गदर्शन और प्रेरणादायी व्यक्तित्व ने विद्यार्थियों को जीवन में सफलता के लिए आवश्यक व्यवहारिक एवं नेतृत्व संबंधी गुणों को विकसित करने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती चंपा कपूर, चेयरमैन डॉ. नीरज कपूर, डायरेक्टर डॉ. वसुधा कपूर, प्रधानाचार्या श्रीमती मीनल बधवार, संयुक्त प्रबंध निर्देशिका सुश्री कामाक्षी कपूर, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती शुभांगी शर्मा सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!