
पोस्टर में कनिका कपूर को देखकर फैंस हुए कंफ्यूज, सोशल मीडिया पर कियारा आडवाणी समझ बैठे यूजर्स
नई दिल्ली,सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह फिल्म का नया पोस्टर है, जिसमें करण देओल के साथ नजर आ रही अभिनेत्री को देखकर सोशल मीडिया पर कई फैंस भ्रमित हो गए। पहली नजर में लोगों ने उन्हें बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी समझ लिया, जबकि पोस्टर में दिखाई दे रही अभिनेत्री कनिका कपूर हैं।
फिल्म का ट्रेलर 28 जुलाई को रिलीज किया गया था और इसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली। अब हाल ही में जारी पोस्टर में करण देओल के साथ कनिका कपूर की मौजूदगी ने सोशल मीडिया पर नई चर्चा छेड़ दी है। कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि उन्हें पहली नजर में लगा कि पोस्टर में कियारा आडवाणी हैं।
कनिका कपूर ने भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पोस्ट शेयर होते ही फैंस के बीच उनकी लुक को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
हालांकि, कनिका कपूर की अन्य तस्वीरें देखने पर स्पष्ट होता है कि वह सामान्य रूप से कियारा आडवाणी जैसी नहीं दिखतीं। माना जा रहा है कि पोस्टर की स्टाइलिंग, मेकअप और फोटोग्राफी के कारण दोनों की शक्ल में समानता महसूस हुई, जिससे दर्शकों में भ्रम की स्थिति बनी।
दिल्ली की रहने वाली कनिका कपूर इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। इससे पहले वह टीवी सीरियल ‘एक दूजे के वास्ते 2’ में सुमन तिवारी के किरदार से पहचान बना चुकी हैं। इसके अलावा वह ‘दोनों’, ‘मॉडर्न परिवार’ और ‘मर्डरबाद’ जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुकी हैं।
‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में सनी देओल और करण देओल प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे, जबकि कनिका कपूर इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
