
काशीपुर। जनपद उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा काशीपुर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान टीम ने दो दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक प्रतिष्ठान से घी तथा दूसरे प्रतिष्ठान से धुली मूंग की दाल का नमूना संग्रहित किया गया। विभागीय अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दोनों नमूनों को सील कर परीक्षण के लिए राजकीय प्रयोगशाला भेज दिया है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा गुणवत्ता संबंधी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर बाजारों में निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाए जाते हैं। खाद्य कारोबारियों को भी स्वच्छता के मानकों का पालन करने तथा केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही विक्रय करने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में मिलावटी एवं मानकविहीन खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
