Screenshot_20260812_200136_WhatsApp

कोटाबाग। राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग, जनपद नैनीताल में ‘अखिल भारतीय शिक्षा समागम’ (एबीएसएस)-2026 की साप्ताहिक कार्यक्रम श्रृंखला का शुभारंभ संवाद प्रतियोगिता के साथ हुआ। महाविद्यालय के सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) कमरुद्दीन के उद्बोधन एवं अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर डॉ. आलोक पांडेय ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के विचारों और उनकी रचनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करने के साथ-साथ भविष्य के निर्माण में उनके विचारों के योगदान को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. संत कुमार ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि ‘अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026’ के तहत आगामी एक सप्ताह तक विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रृंखला के प्रथम दिन ‘2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका’ विषय पर संवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न शीर्षकों एवं विचारों के माध्यम से अपने वक्तव्य प्रस्तुत किए और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार साझा किए। प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को प्रभावशाली एवं विचारोत्तेजक बना दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में डॉ. निशा नारंग, डॉ. सुमन पांडेय, डॉ. आलोक पांडेय एवं तनुजा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश के. त्रिपाठी ने बताया कि कार्यक्रम श्रृंखला के अगले चरण में 13 अगस्त 2026 को प्रातः 11 बजे से महाविद्यालय के सभागार में स्वरचित काव्य पाठ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राएं 12 अगस्त को शाम 5 बजे तक हिंदी विभाग में अपना नाम एवं काव्य रचना का शीर्षक दर्ज करा सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!