Screenshot_20260816_154626_WhatsApp

भव्य समारोह में देशभक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और शिक्षा के नए अवसरों का दिखा संगम

काशीपुर। ज्ञानार्थी कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस का पर्व रविवार को पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में धूमधाम से मनाया गया। इसी अवसर पर कॉलेज में बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (BBA) कार्यक्रम एवं पाठ्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नैनी पेपर ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर श्री पवन अग्रवाल रहे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. बी.सी. जोशी, कंपनी सेक्रेटरी श्री अर्चित टंडन, डॉ. यशपाल लावत, अंतरराष्ट्रीय एथलीट श्री विजेंद्र चौधरी, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल, समाजसेवी श्री अपूर्व मेहरोत्रा तथा रिटायर्ड कैप्टन श्री वचन सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों का स्वागत कॉलेज के चेयरमैन श्री संतोष मेहरोत्रा ने किया। इस अवसर पर सेक्रेटरी शिवानी मेहरोत्रा, संस्थान प्रमुख प्रतिमा सिंह, निदेशक डॉ. मनोज मिश्रा एवं श्री सतीश कांडपाल ने भी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया और विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं देश के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि श्री पवन अग्रवाल एवं चेयरमैन श्री संतोष मेहरोत्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्हें अनुशासन, मेहनत, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक समय में प्रबंधन एवं व्यवसायिक शिक्षा युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर खोलती है।

बीबीए कार्यक्रम के शुभारंभ को लेकर कॉलेज प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावहारिक ज्ञान, नेतृत्व कौशल और उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना संस्थान की प्राथमिकता है। बीबीए पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यवसाय प्रबंधन, नेतृत्व, संचार कौशल तथा आधुनिक कॉर्पोरेट वातावरण की आवश्यकताओं से परिचित कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने ज्ञानार्थी कॉलेज द्वारा बीबीए कार्यक्रम शुरू किए जाने की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और करियर के नए अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण एवं राष्ट्रभक्ति के वातावरण में हुआ। कॉलेज परिवार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने तथा विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!