IMG-20260817-WA0011

काशीपुर। पशुपति विहार कॉलोनी स्थित उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के जिला अध्यक्ष प्रदीप मंदोलिया के नए कार्यालय का उद्घाटन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे उत्तराखंड क्रांति दल के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पार्टी को आगामी चुनाव में मजबूती के साथ मैदान में उतारने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यूकेडी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दों को लेकर लड़ेगा। नेताओं ने कहा कि राज्य गठन के वर्षों बाद भी पहाड़ों की मूल समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है। पलायन आज भी उत्तराखंड के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल है।
वक्ताओं ने कहा कि पहाड़ों में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवा अपने भविष्य और रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों एवं बड़े शहरों का रुख कर रहे हैं। लगातार हो रहे पलायन से पहाड़ों के कई गांव खाली होते जा रहे हैं। यूकेडी इन मुद्दों को चुनावी राजनीति के केंद्र में लाकर जनता के बीच जाएगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार, पलायन रोकने तथा पहाड़ों के विकास को प्रमुख मुद्दा बनाएगी। इस अवसर पर काशीपुर जिला अध्यक्ष प्रदीप मंदोलिया ने कहा कि काशीपुर में उत्तराखंड क्रांति दल संगठन को लगातार मजबूत कर रहा है। उन्हें समाज के विभिन्न वर्गों का समर्थन मिल रहा है, जिससे वह उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी काशीपुर में आगामी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगी और जनता के बीच स्थानीय मुद्दों को लेकर जाएगी। प्रदीप मंदोलिया ने कहा कि आज कार्यालय उद्घाटन के अवसर पर उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं का उत्साह इस बात का संकेत है कि काशीपुर की जनता बदलाव के मूड में है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल काशीपुर में मजबूत प्रदर्शन करेगा और अगला विधायक यूकेडी का होगा। कार्यालय उद्घाटन के दौरान प्रदेश एवं जिले के पदाधिकारियों ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, अधिक से अधिक युवाओं एवं आमजन को पार्टी से जोड़ने तथा उत्तराखंड के मूल मुद्दों को लेकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी संगठन की मजबूती और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर उत्साह व्यक्त किया।कार्यालय उद्घाटन के साथ ही काशीपुर में यूकेडी ने अपनी चुनावी सक्रियता तेज करने का स्पष्ट संकेत दे दिया है।इस अवसर पर जिला महामंत्री सैंडी बिष्ट महानगर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान एवं उनकी टीम मौजूद रही

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!