
अल्मोड़ा। राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा छह की छात्रा की पिटाई के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी अतिथि शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है। जांच समिति की रिपोर्ट में शिक्षिका पर लगाए गए आरोप सत्य पाए गए, जिसके बाद उन्हें सेवा से हटा दिया गया। ग्रामीणों और छात्रा के परिजनों की शिकायत के बाद मामले की जांच के लिए लमगड़ा की खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमा बिष्ट और धौलादेवी के उप खंड शिक्षा अधिकारी की समिति गठित की गई थी। समिति ने विद्यालय पहुंचकर मामले की विस्तृत जांच की और संबंधित पक्षों के बयान लेने के बाद आरोपों को सही पाया। जांच रिपोर्ट के आधार पर अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त करने की संस्तुति की गई, जिस पर कार्रवाई करते हुए उनका अनुबंध समाप्त कर दिया गया। मामले का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह भी विद्यालय के निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने छात्रा के परिजनों की शिकायत सुनी और विद्यालय के अन्य बच्चों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय में अनुशासन के नाम पर छात्र-छात्राओं के साथ किसी भी प्रकार की मारपीट अथवा दंडात्मक कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन बनाए रखने के लिए काउंसलिंग, संवाद और अन्य सकारात्मक तरीकों को अपनाया जाना चाहिए। आवश्यकता पड़ने पर अभिभावकों से बातचीत कर समस्या का समाधान किया जाए।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
