
काशीपुर। जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर के निर्देशानुसार त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने काशीपुर के रामनगर रोड क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भगवती स्वीट्स, तुलाराम स्वीट्स और ओम स्वीट्स का निरीक्षण किया। टीम ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई, रखरखाव तथा खाद्य सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान भगवती स्वीट्स से पेड़े का सैंपल, तुलाराम स्वीट्स से बेसन के लड्डू का सैंपल तथा ओम स्वीट्स से मावे की बर्फी का सैंपल लिया गया। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जहां खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिष्ठानों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। खाद्य पदार्थों को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार एवं सुरक्षित तरीके से रखा जाए तथा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री के रखरखाव में निर्धारित नियमों का पालन करने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों के अनुसार त्योहारी सीजन में मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट अथवा घटिया गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीम काशीपुर समेत ऊधम सिंह नगर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही है। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर विभाग पूरी तरह गंभीर है। त्योहारी सीजन के दौरान विशेष अभियान के तहत लगातार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है और संदेह होने पर खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और ग्राहकों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
