





काशीपुर। गर्भावस्था के 17वें सप्ताह में एक महिला की जांच के दौरान ओवरी में कैंसर का पता चलने का दुर्लभ मामला सामने आया है। उजाला सिग्नस हॉस्पिटल काशीपुर के चिकित्सकों ने चुनौतीपूर्ण स्थिति में सफल सर्जरी कर महिला और उसके गर्भ में पल रहे शिशु दोनों को सुरक्षित बचाने में सफलता हासिल की। अस्पताल की प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अंबरीन सहर ने बताया कि महिला अस्पताल में जांच के लिए पहुंची थी। अल्ट्रासाउंड में गर्भस्थ शिशु सामान्य स्थिति में पाया गया, लेकिन महिला की बाईं ओवरी में एक बड़ा सिस्टिक ट्यूमर दिखाई दिया, जो कैंसर की आशंका की ओर संकेत कर रहा था। डॉ. अंबरीन सहर के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्जरी का निर्णय लिया। चिकित्सकों ने लेप्रोस्कोपी तकनीक से गर्भाशय को किसी प्रकार का नुकसान पहुंचाए बिना ट्यूमर को बाहर निकाल दिया। चुनौतीपूर्ण सर्जरी के बाद महिला और गर्भस्थ शिशु दोनों की स्थिति सामान्य रही।सर्जरी के महज तीसरे दिन महिला को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। चिकित्सकों के अनुसार, फिलहाल गर्भ सुरक्षित है और महिला को आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। डॉ. अंबरीन सहर ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान ओवेरियन कैंसर का सामने आना बेहद दुर्लभ है। ऐसे मामलों में समय पर जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी और उचित उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने महिलाओं से गर्भावस्था के दौरान नियमित जांच कराने की अपील की।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
