IMG-20260904-WA0025

काशीपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आरोहण सामाजिक संस्था, काशीपुर की ओर से मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता मदरहुड स्कूल, दुर्गा कॉलोनी में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में युवतियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए हाथों पर आकर्षक एवं सुंदर मेहंदी की विभिन्न डिजाइनों को उकेरा। प्रतिभागियों ने पारंपरिक डिजाइनों के साथ-साथ आधुनिक एवं कलात्मक मेहंदी के नमूने भी प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता को लेकर युवतियों में खासा उत्साह देखने को मिला प्रतियोगिता के परिणामों में वंशिका बिश्नोई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नीलम रावत ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि अस्मिता और रोशनी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं खुशबू भट्ट और श्वेता को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया। आरोहण सामाजिक संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवतियों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़ी कलाओं को प्रोत्साहित करना है। जन्माष्टमी जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।संस्था की ओर से बताया गया कि प्रतियोगिता में स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों सहित सभी प्रतिभागियों को आज आयोजित होने वाले श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कार्यक्रम में पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह जन्माष्टमी कार्यक्रम पशुपतिनाथ सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवतियों और महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देते हैं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर संस्था से जुड़े सदस्यों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!