20260908_071615

काशीपुर। काशीपुर रेंज के ढकिया गांव में पिछले कई दिनों से तेंदुए की दहशत से परेशान ग्रामीणों को आखिरकार राहत मिल गई। वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में सोमवार तड़के एक तेंदुआ कैद हो गया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। बताया गया कि ढकिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में कई दिनों से तेंदुए की लगातार चहलकदमी देखी जा रही थी। कई बार तेंदुए ने ग्रामीणों के पालतू जानवरों पर भी हमले का प्रयास किया, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ था। शाम होते ही ग्रामीण अपने घरों में कैद होने को मजबूर थे। ग्रामीणों की शिकायत पर काशीपुर रेंज के अधिकारियों ने गांव से सटे जंगल में पिंजरा लगाया था। पिंजरे में तेंदुआ कैद होने की सूचना सोमवार सुबह मिली। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित रेस्क्यू सेंटर भेज दिया। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के एसडीओ जसपुर संदीप गिरी ने बताया कि पकड़ा गया तेंदुआ लगभग एक साल की मादा है और पूरी तरह स्वस्थ है। प्राथमिक जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे रेस्क्यू सेंटर में रखा गया है। बाद में विभागीय निगरानी में उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने से ढकिया गांव सहित आसपास के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!