
काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SIMT), काशीपुर के प्रबंधन विभाग की ओर से विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान एवं औद्योगिक समझ को विकसित करने के उद्देश्य से सूर्य रोशनी लिमिटेड, मुरादाबाद रोड, काशीपुर का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। भ्रमण में एमबीए प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा बीबीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। औद्योगिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक वातावरण से जोड़ना और उद्योग जगत की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था। इस दौरान सूर्य रोशनी लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। कंपनी की ओर से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी सुरेश कुशवाहा, सहायक अधिकारी मानव संसाधन एवं प्रशासन जितेंद्र रावत तथा अनुसंधान एवं विकास विभाग के धीरज राजपूत ने विद्यार्थियों को कंपनी के विभिन्न विभागों, उत्पादन प्रक्रियाओं, गुणवत्ता नियंत्रण प्रणाली, सुरक्षा मानकों एवं संगठनात्मक संरचना के बारे में विस्तार से जानकारी दी विद्यार्थियों को कंपनी की उत्पादन इकाइयों का भ्रमण भी कराया गया। उन्होंने कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद बनने तक की पूरी प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी उद्योग की सफलता के लिए गुणवत्ता, समय प्रबंधन, तकनीकी दक्षता और टीमवर्क का विशेष महत्व है। विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली आधुनिक मशीनों, उपकरणों एवं नवीन तकनीकों का भी अवलोकन किया तथा विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। श्रीराम संस्थान की ओर से सहायक प्राध्यापक अंजलि नायर, सहायक प्राध्यापक सुनीता रावत एवं प्रतीक भारद्वाज विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें औद्योगिक प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन करने तथा उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद के माध्यम से व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर श्रीराम संस्थान के अध्यक्ष श्री रविन्द्र कुमार ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक कार्यप्रणाली का अनुभव होना भी आवश्यक है। औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, व्यावसायिक कौशल एवं रोजगार क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह ने कहा कि श्रीराम इंस्टीट्यूट विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उद्योगों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उद्योग और शिक्षण संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के साथ उन्हें व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने के अवसर प्रदान करता है। प्राचार्य डॉ. एस. एस. कुशवाहा ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे उन्हें उद्योगों की कार्य संस्कृति, प्रबंधन प्रणाली, उत्पादन तकनीकों और संगठनात्मक व्यवहार को समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों से ऐसे अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। भ्रमण के अंत में विद्यार्थियों ने सूर्य रोशनी लिमिटेड के अधिकारियों एवं प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि औद्योगिक भ्रमण उनके लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इससे उन्हें उद्योग जगत की वास्तविक कार्यप्रणाली, प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं और भविष्य में उपलब्ध व्यावसायिक अवसरों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
