संगीत, समाजसेवा, कला-साहित्य और शिक्षा क्षेत्र की 12 विभूतियां सम्मानित, सुरों की महफिल ने बांधा समां
काशीपुर। स्थानीय बाजपुर रोड स्थित महिमा रिसोर्ट में शनिवार शाम म्यूजिक लवर्स क्लब की ओर से आयोजित ‘सद्भावना सुर सम्मान’ समारोह ने काशीपुर के सांस्कृतिक इतिहास में अपनी खास पहचान दर्ज कराई। संगीत, समाजसेवा, कला-साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली शहर की 12 विभूतियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा सभागार दर्शकों से खचाखच भरा रहा और देर रात तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था की संरक्षिका एवं भाजपा नेत्री श्रीमती मुक्ता सिंह तथा मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी डीके साहू ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।
12 विभूतियों को मिला सम्मान
समारोह में संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए पंकज पंत एवं जितेंद्र भट्ट को सम्मानित किया गया। समाजसेवा के क्षेत्र में आनंद कुमार, एडवोकेट हरीश सिंह, सरोज ठाकुर, जुबैर सिद्दीकी एवं मोहसिन सिद्दीकी को सम्मान प्रदान किया गया। कला एवं साहित्य के क्षेत्र में शेष कुमार सितारा को सम्मानित किया गया। वहीं संगीत सेवा में सहयोग के लिए महिमा रिसोर्ट के मालिक शम्मी सेठी एवं रविंदर कौर सेठी (लवली) तथा शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में विमला गुड़िया को सम्मानित किया गया। सभी सम्मान मुख्य अतिथि डीके साहू एवं संरक्षिका मुक्ता सिंह के कर-कमलों से प्रदान किए गए।
‘संगीत मेरी आत्मा है’
समारोह को संबोधित करते हुए संरक्षिका मुक्ता सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के बावजूद वह कार्यक्रम में पहुंचीं, क्योंकि संगीत उनके लिए आत्मा के समान है। उन्होंने कहा कि म्यूजिक लवर्स क्लब ने काशीपुर में सद्भावना की जो अलख जगाई है, वह ऐतिहासिक है। संगीत और समाजसेवा को एक मंच पर लाना सच्ची राष्ट्रसेवा है। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों को आयोजन की सफलता पर बधाई दी। मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी डीके साहू ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में अनेक कार्यक्रम देखे हैं, लेकिन यह आयोजन अत्यंत व्यवस्थित, गरिमामय और सफल रहा। शिक्षा, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र में प्रतिभाओं को सम्मान मिलना विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि म्यूजिक लवर्स क्लब काशीपुर की नई पहचान बनता जा रहा है।
महिमा रिसोर्ट के मालिक ने जताई भविष्य की प्रतिबद्धता
संरक्षक एवं महिमा रिसोर्ट के मालिक शम्मी सेठी ने कहा कि म्यूजिक लवर्स क्लब उनके परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि महिमा रिसोर्ट में संगीत से जुड़ी इतनी प्रतिभाओं को एक मंच पर देखकर उन्हें बेहद खुशी हुई। उन्होंने भविष्य में भी क्लब के साथ मिलकर काशीपुर में इससे बड़े और राष्ट्रीय स्तर के संगीत समारोह आयोजित करने की बात कही।
गीत-संगीत की प्रस्तुतियों ने मोहा मन
सम्मान समारोह के बाद गीत-संगीत की शानदार प्रस्तुतियों का दौर शुरू हुआ। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। इस दौरान संस्था के संरक्षक शम्मी सेठी, अध्यक्ष सौरभ शर्मा एडवोकेट, सचिव शाकिर सिद्दीकी, उपाध्यक्ष अबरार खान, उप सचिव अमन बाली, संगठन मंत्री नफीस सिद्दीकी, कोषाध्यक्ष सुधा शर्मा, कार्यक्रम संयोजक मनमोहन अग्रवाल, वरिष्ठ सलाहकार समिति सदस्य पंकज पंत, इकबाल अदीब एवं हरीश सिंह एडवोकेट तथा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. जावेद असलम, तजिंदर पाल सिंह, शरद अरोरा, राहुल शर्मा, ललित पंत, रवि शंकर, चंद्र मोहन फर्त्याल, गौरी शर्मा आदि ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम का सजीव संचालन डॉ. शुभ्रा शर्मा एवं प्राची शर्मा ने किया। दोनों के प्रभावी संचालन ने कार्यक्रम को अंत तक रोचक बनाए रखा।
दीपिका गुड़िया आत्रेय ने फोन से दिए दिशा-निर्देश
संस्था की संरक्षिका एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय शहर से बाहर होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सकीं। हालांकि उन्होंने फोन के माध्यम से आयोजन समिति के सदस्यों से लगातार संपर्क बनाए रखा और कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं सुझाव देती रहीं। कार्यक्रम में शहर की अनेक जानी-मानी हस्तियों के साथ संगीत, व्यापार, राजनीति एवं समाजसेवा से जुड़े लोग मौजूद रहे। आयोजक समिति की ओर से संगीत से जुड़े विभिन्न संस्थानों को भी आमंत्रित किया गया था। दर्शकों के लिए कार्यक्रम के दौरान जलपान तथा कार्यक्रम के उपरांत रात्रिभोज की भी व्यवस्था की गई।बम्यूजिक लवर्स क्लब का यह आयोजन संगीत, सद्भावना और सामाजिक सरोकारों को एक मंच पर लाने वाला ऐसा कार्यक्रम रहा, जिसे काशीपुर के संगीत प्रेमी लंबे समय तक याद रखेंगे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
