IMG-20260918-WA0021

काशीपुर। जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शुक्रवार को काशीपुर में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने रामनगर रोड एवं बाजपुर रोड स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड के दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए कुल छह खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सबसे पहले रामनगर रोड स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड के प्रतिष्ठान पर पहुंची। यहां स्टोर मैनेजर धर्मेंद्र सिंह पुत्र राम सिंह नेगी की मौजूदगी में टीम ने प्रतिष्ठान में उपलब्ध खाद्य सामग्री का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच के लिए टाटा नमक, गोल्डी मिर्च पाउडर तथा ब्रिटानिया गुड डे बिस्कुट के नमूने लिए गए। इसके बाद टीम ने बाजपुर रोड स्थित रिलायंस रिटेल लिमिटेड के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। यहां आयुष वर्मा पुत्र श्री राजकुमार वर्मा के प्रतिष्ठान से खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए पोहा, इमली की चटनी तथा सूजी के नमूने संकलित किए गए।विभागीय अधिकारियों के अनुसार सभी छह नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि जांच में किसी खाद्य पदार्थ में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले प्रतिष्ठानों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही। विभागीय अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों एवं स्टोर प्रबंधन को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, लेबलिंग, एक्सपायरी डेट तथा अन्य निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानकयुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और जिलाधिकारी के निर्देशानुसार खाद्य प्रतिष्ठानों में निरीक्षण एवं नमूना लेने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!