IMG-20260924-WA0035

FINSPIRE’26 प्रधानाचार्य महासम्मेलन में मिला सम्मान, प्रधानाचार्य अनुज भाटिया ने ग्रहण किया स्मृति चिन्ह

काशीपुर। समर स्टडी हॉल काशीपुर के लिए यह गौरव का क्षण रहा। विद्यालय को वित्तीय शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने, विद्यार्थियों को वित्तीय ज्ञान एवं आवश्यक कौशल प्रदान करने तथा वित्तीय रूप से जागरूक और सशक्त भारत के निर्माण के अभियान में महत्वपूर्ण योगदान एवं सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया। विद्यालय को यह सम्मान FINSPIRE’26 प्रधानाचार्य महासम्मेलन के दौरान प्रदान किया गया। यह सम्मेलन 22 सितंबर 2026 को साउथ एशियन यूनिवर्सिटी, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। सम्मेलन का मुख्य विषय ‘विद्यालयों में वित्तीय शिक्षा का एकीकरण’ रहा। कार्यक्रम में विद्यालयी शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े शिक्षाविदों एवं प्रधानाचार्यों ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन के दौरान विद्यार्थियों के बीच वित्तीय शिक्षा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने, उन्हें वित्तीय निर्णय लेने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं कौशल उपलब्ध कराने तथा कम उम्र से ही वित्तीय जागरूकता विकसित करने के महत्व पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर समर स्टडी हॉल काशीपुर के प्रधानाचार्य श्री अनुज भाटिया ने विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। वित्तीय शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालय के योगदान, सक्रिय सहभागिता एवं सहयोग को देखते हुए एनसीएफई (राष्ट्रीय वित्तीय शिक्षा केंद्र) की ओर से विद्यालय को सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य अनुज भाटिया ने विद्यालय की ओर से सम्मान स्वरूप प्रदान किया गया स्मृति चिन्ह ग्रहण किया। कार्यक्रम में वित्तीय शिक्षा को विद्यार्थियों की नियमित शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ने तथा उन्हें भविष्य के लिए वित्तीय रूप से जागरूक बनाने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। वित्तीय साक्षरता को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए इस दिशा में विद्यालयों की भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
एनसीएफई की ओर से समर स्टडी हॉल काशीपुर के वित्तीय शिक्षा को आगे बढ़ाने की दिशा में किए जा रहे सहयोग एवं सहभागिता की सराहना की गई। विद्यालय को मिला यह सम्मान वित्तीय जागरूकता के क्षेत्र में विद्यालय की सक्रिय भूमिका को रेखांकित करता है। विद्यालय को सम्मान मिलने की जानकारी से समर स्टडी हॉल के प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रबंधन एवं शिक्षकों ने इसे विद्यालय की सामूहिक उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की। अभिभावकों ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के मंच पर काशीपुर के विद्यालय को वित्तीय शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मान मिलना विद्यालय के साथ-साथ पूरे काशीपुर के लिए भी गौरव का विषय है। विद्यालय प्रबंधन ने इस उपलब्धि के लिए प्रधानाचार्य अनुज भाटिया के नेतृत्व में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यावहारिक एवं वित्तीय ज्ञान से जोड़ने के प्रयास जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *