Screenshot_20260924_203329_WhatsApp

कोटाबाग (नैनीताल), 24 सितंबर। कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल से संबद्ध राजकीय महाविद्यालय कोटाबाग में छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 की प्रक्रिया के तहत गुरुवार को नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से महाविद्यालय में आवश्यक बैठक का भी आयोजन किया गया।बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. संत कुमार, संबंधित पुलिस अधिकारी, उपजिलाधिकारी के प्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं कर्मचारी तथा संभावित छात्रसंघ पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में छात्रसंघ चुनाव की विभिन्न प्रक्रियाओं, अनुशासन, आचार-संहिता, सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्वाचन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कमरुद्दीन ने कहा कि छात्रसंघ निर्वाचन विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान अनुशासन एवं सौहार्द बनाए रखने तथा निर्धारित नियमों और आचार-संहिता का पूर्ण पालन करने की अपील की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. संत कुमार ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने संभावित प्रत्याशियों एवं विद्यार्थियों से पारदर्शिता, अनुशासन और शांतिपूर्ण सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया। मीडिया प्रभारी डॉ. प्रवेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि छात्रसंघ निर्वाचन 2026-27 के क्रम में गुरुवार को नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। इसके साथ ही संबंधित पुलिस अधिकारी, उपजिलाधिकारी के प्रतिनिधि एवं संभावित छात्रसंघ पदाधिकारियों की उपस्थिति में बैठक आयोजित कर निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं एवं दिशा-निर्देशों पर चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय प्रशासन निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण को विश्वविद्यालयीय दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों के अनुसार सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी छात्र-छात्राओं से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया में सहभागिता करने तथा परिसर में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण बनाए रखने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *