





काशीपुर। उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, दर्जा राज्यमंत्री सीमा चौहान एवं दर्जा राज्यमंत्री मंजीत सिंह राजू सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जसपुर, काशीपुर एवं बाजपुर ब्लॉक से चयनित छात्र-छात्राओं ने निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने स्वस्थ, स्वच्छ एवं सशक्त भारत के निर्माण के साथ ही विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में बच्चों, युवाओं और देशवासियों की भूमिका जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने निबंध, भाषण और चित्रकला के माध्यम से देश के विकास को लेकर अपनी सोच और कल्पनाओं को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टर, चित्रकला, निबंध एवं भाषण प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत है। बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत निबंध, भाषण एवं पेंटिंग से उनके भीतर विकसित भारत को लेकर बनी सोच स्पष्ट दिखाई देती है। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से यह संकेत मिलता है कि देश नई दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। पूर्व प्रदेश भाजपा महामंत्री आशीष गुप्ता ने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सामाजिक सरोकारों और देश के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा का उपयोग देश और समाज के निर्माण में करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री परमिंदर सिंह विर्क, पूर्व प्रदेश मंत्री खिलेंदर चौधरी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, भाजपा नेत्री सृष्टि आहूजा बंसल, प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य डॉ. गिरीश तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी डीके साहू, प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता, अजय शंकर कौशिक, जिला महामंत्री सुनील शर्मा, जिला मंत्री अमित सिंह, जिला संयोजक शिक्षा प्रकोष्ठ जितेंद्र देवलाल, कौशल किशोर पन्त प्रबंधक जागृति पब्लिक स्कूल, गौरव गर्ग प्रधानाचार्य मास्टर इंटरनेशनल स्कूल, मोहम्मद यासीन प्रबंधक ग्लोबल पब्लिक स्कूल, रिंकू सक्सेना, दिनेश नेगी, अंतरप्रीत सिंह, विपिन अरोरा, मोहित भारद्वाज सहित अन्य अतिथि, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
