





11 से 20 अक्टूबर तक द्रोणासागर के ओपन थियेटर में होगा दस दिवसीय आयोजन, Talent Hunt अभियान के जरिए प्रतिभाओं की तलाश
काशीपुर। काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) की ओर से इस वर्ष KDF नवरात्रि महोत्सव–2026 का आयोजन 11 से 20 अक्टूबर तक द्रोणासागर स्थित ओपन थियेटर में किया जाएगा। नवरात्रि की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक भावना को समर्पित इस दस दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य शहर की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के साथ-साथ काशीपुर की स्थानीय और छुपी हुई प्रतिभाओं को पहचानना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच उपलब्ध कराना है। महोत्सव के दौरान शहर के विभिन्न सांस्कृतिक एवं संगीत समूहों की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में दुर्गा जागरण, कवि गोष्ठी, संगीत कार्यक्रम, बच्चों की प्रस्तुतियां, शास्त्रीय संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विभिन्न कलाकारों के कार्यक्रम प्रमुख आकर्षण रहेंगे। आयोजकों का कहना है कि महोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए इसे काशीपुर की कला, संस्कृति और प्रतिभाओं को समर्पित एक व्यापक मंच के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
‘हर घर की प्रतिभा—KDF के मंच तक’ अभियान
KDF ने इस वर्ष विशेष रूप से Talent Hunt अभियान शुरू किया है। इसके तहत काशीपुर के ऐसे बच्चों, युवाओं और अन्य नागरिकों को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिनमें गायन, नृत्य, वादन, अभिनय, कविता एवं शायरी, एंकरिंग, शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य, कला अथवा किसी अन्य क्षेत्र में विशेष प्रतिभा है। फोरम की ओर से शहर के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों, सामाजिक संस्थाओं, विभिन्न कॉलोनियों तथा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने आसपास मौजूद प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें इस अभियान से जोड़ें। KDF का उद्देश्य है कि प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिले और वे बड़े मंच पर अपनी पहचान बना सकें।
निःशुल्क होगा Talent Registration
Talent Hunt अभियान में प्रतिभागियों के लिए रजिस्ट्रेशन निःशुल्क रखा गया है। इच्छुक प्रतिभागी अपने लगभग एक मिनट के प्रदर्शन का वीडियो और आवश्यक जानकारी KDF को भेज सकते हैं। चयन प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिभाओं को महोत्सव में अपनी प्रस्तुति देने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
पंजीकरण एवं संपर्क:
श्री गुरनाम सिंह
Ex. Principal, Guru Nanak School
मोबाइल: +91 98372 41044
ई-मेल: kashipurforum@gmail.com
प्रतिभाओं को अवसर देना उद्देश्य
KDF का कहना है कि काशीपुर में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने और उचित मंच उपलब्ध कराने की है। कई बार प्रतिभाशाली बच्चे और युवा संसाधनों अथवा उचित अवसर के अभाव में अपनी प्रतिभा को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित नहीं कर पाते। Talent Hunt अभियान के माध्यम से ऐसे ही लोगों तक पहुंचने और उन्हें मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
महोत्सव के आयोजन में Surya Roshni Ltd. का सहयोग प्राप्त हो रहा है। KDF की ओर से शहर के उद्योगों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों से भी इस सांस्कृतिक पहल से जुड़ने का आह्वान किया गया है। फोरम ने काशीपुरवासियों से अपील की है कि वे अपने परिवार और आसपास मौजूद प्रतिभाओं को आगे लाएं तथा उन्हें Talent Hunt अभियान से जोड़ें। KDF ने उम्मीद जताई कि KDF नवरात्रि महोत्सव–2026 काशीपुर की प्रतिभा, संस्कृति और सामुदायिक सहभागिता का उत्सव बनेगा और स्थानीय कलाकारों को अपनी पहचान बनाने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
