
ग्रामीण बोले- प्रस्तावित रास्ते से बच्चों और बुजुर्गों का आवागमन होगा मुश्किल, कृषि कार्य भी होंगे प्रभावित
काशीपुर। ग्राम फिरोजपुर में एनएचआई की ओर से निर्माण कार्य प्रगति पर है। निर्माण कार्य के बीच ग्रामीणों ने गांव के लिए अलग से सर्विस रोड बनाए जाने की मांग को लेकर एनएच पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में ग्राम सभा के सैकड़ों ग्रामीणों ने शामिल होकर एनएचआई से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के लिए उचित सर्विस रोड का निर्माण होने से उन्हें शिक्षा, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। इसके साथ ही बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का आवागमन भी सुगम हो जाएगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एनएचआई जिस स्थान से गांव के लिए रास्ता देने की बात कर रही है, वह रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की ओर से है। ग्रामीणों के अनुसार यह रास्ता उनके लिए सुरक्षित और सुविधाजनक नहीं है।ग्रामीणों ने कहा कि आरओबी की ओर से आने-जाने वाले मार्ग पर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उनका कहना है कि पूर्व में भी इस मार्ग पर हादसे हो चुके हैं। एक ग्रामीण के साथ हुई दुर्घटना का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि हादसे में उसकी एक टांग कट गई थी। ऐसे में छोटे बच्चों को इस रास्ते से स्कूल या अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भेजना उनके लिए चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के लोगों के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक कार्य काफी हद तक इसी मार्ग से जुड़े हुए हैं। यदि गांव के लिए सुविधाजनक सर्विस रोड उपलब्ध नहीं कराई गई तो इसका सीधा असर ग्रामीणों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा। ग्रामीणों के अनुसार गांव की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है और खेती-किसानी के साथ पशुपालन भी ग्रामीणों की आय का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने बताया कि गांव के मवेशियों के लिए चारा भी इसी रास्ते से लाया जाता है। ग्रामीण महिलाओं को प्रतिदिन खेतों और अन्य स्थानों से पशुओं के लिए चारा लाना पड़ता है। महिलाओं का कहना है कि कई बार उन्हें सिर पर करीब 50-60 किलो तक घास का गट्ठर लेकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। यदि सुविधाजनक रास्ता उपलब्ध नहीं होगा तो महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ेगा। धरना-प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने एनएच से मांग की कि निर्माण कार्य के दौरान गांव की भौगोलिक स्थिति, ग्रामीणों की आवश्यकताओं और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिरोजपुर के लिए उचित सर्विस रोड का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि उनकी मांग किसी व्यक्तिगत हित से जुड़ी नहीं है, बल्कि पूरे गांव के बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, किसानों और पशुपालकों की सुविधा एवं सुरक्षा से संबंधित है। ग्रामीणों ने कहा कि सर्विस रोड बनने से गांव के लोगों को शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी तथा बाजार और अन्य आवश्यक स्थानों तक आवागमन भी सुरक्षित एवं सुगम हो सकेगा। उन्होंने एनएच और संबंधित अधिकारियों से ग्रामीणों की समस्या का जल्द समाधान करने की अपील की, ताकि निर्माण कार्य के साथ-साथ गांव के लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा सके। धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्राम प्रधान बबलू, सविता देवी,राहुल, अनिल, प्रेम, विनोद, गुड़िया, मुनेश, नजमा, रेखा, शकुंतला, सुरेंद्र, पूनम, गीता, मोनू प्रधान के भाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने एकजुट होकर सर्विस रोड की मांग को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया और समस्या का स्थायी समाधान होने तक संबंधित अधिकारियों से सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
