Screenshot_20261005_152847_WhatsApp

विद्यार्थियों को मिले बचत और निवेश के गुर

काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SIMT), काशीपुर में विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से “Financial Literacy to Empower Youth” विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सेबी (SEBI) से संबद्ध सिक्योरिटीज मार्केट ट्रेनर एवं माइंडक्लब फाउंडेशन के संस्थापक डॉ. अंकुर भटनागर उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय प्रबंधन के अहम पहलुओं से रूबरू कराया। अपने संबोधन में डॉ. भटनागर ने सरल भाषा में बचत, निवेश, धन प्रबंधन, पूंजी बाजार, कम्पाउंडिंग की शक्ति तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए पढ़ाई और करियर के साथ-साथ वित्तीय समझ विकसित करना बेहद आवश्यक है। सही समय पर की गई बचत और निवेश की आदत भविष्य में आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाती है। साथ ही, उन्होंने डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने और किसी भी निवेश से पूर्व उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी। सत्र के अंत में विद्यार्थियों द्वारा वित्तीय प्रबंधन को लेकर पूछे गए प्रश्नों के उन्होंने समाधान भी किए।
क्विज प्रतियोगिता में भूमिका दानू रहीं अव्वल
कार्यक्रम को रोचक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए वित्तीय जागरूकता क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बैंकिंग, बचत, निवेश, डिजिटल भुगतान और वित्तीय सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे गए। प्रतियोगिता में भूमिका दानू ने प्रथम, नंदा नेगी ने द्वितीय और दिव्यांशी तोमर ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
संस्थान के निदेशक डॉ. (प्रो.) योगराज सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक जीवन की जानकारी उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है। ऐसे आयोजन युवाओं को बदलते आर्थिक परिवेश को समझने और भविष्य के लिए तैयार करने में मददगार साबित होते हैं।
इस अवसर पर डॉ. शोभित त्रिपाठी, डॉ. गुलनाज़ सिद्दीकी, डॉ. अकील अहमद, कुलदीप, अंशुल नाथ, अंजलि नायर, बबिता शर्मा सहित कई शिक्षकगण व विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *