
बोले- आजाद समाज पार्टी ने प्रत्याशी बनाया तो जनहित के मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएंगे
जसपुर। जिला पंचायत सदस्य 32-राजपुर क्षेत्र एवं ग्राम गूलरगोजी के पूर्व प्रधान नईम प्रधान ने आगामी विधानसभा चुनाव में जसपुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर करते हुए चुनावी मैदान में उतरने की हुंकार भरी है। उन्होंने कहा कि यदि आजाद समाज पार्टी (काशीराम) उन्हें जसपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित करती है तो वह पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के बीच जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर जाएंगे और इन्हीं मुद्दों के आधार पर जनता से समर्थन और वोट मांगेंगे। नईम प्रधान ने कहा कि लंबे समय से कांग्रेस और भाजपा की सरकारें प्रदेश में सत्ता में रही हैं, लेकिन जसपुर क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय से मुस्लिम समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करती आई है, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज का मतदाता शिक्षित और जागरूक है। लोग अपने अधिकारों को समझते हैं और यह भी जानते हैं कि चुनाव के समय किए गए वादों और सरकार बनने के बाद किए गए कार्यों में कितना अंतर है। उन्होंने कहा कि जनता अब किसी भी राजनीतिक दल के बहकावे में आने वाली नहीं है। उनके अनुसार उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा दोनों की सरकारें रही हैं, लेकिन मुस्लिम समाज सहित क्षेत्र की जनता की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता दोनों प्रमुख दलों को जवाब देने का मन बना चुकी है।नईम प्रधान ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनका सबसे प्रमुख मुद्दा चिकित्सा व्यवस्था होगा। उन्होंने जसपुर के सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि अस्पताल की स्थिति ऐसी है कि मरीजों को उपचार के बजाय रेफर सेंटर का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की समुचित व्यवस्था नहीं है। बच्चों के विशेषज्ञ चिकित्सक, महिला चिकित्सक और हृदय रोग विशेषज्ञ की कमी के कारण क्षेत्र के लोगों को उपचार के लिए काशीपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी अथवा अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बार-बार दूसरे शहरों में इलाज के लिए जाना आर्थिक रूप से भी भारी पड़ता है। ऐसे में जसपुर में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की व्यवस्था होना आवश्यक है उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को अपना दूसरा प्रमुख मुद्दा बताते हुए कहा कि जसपुर क्षेत्र में उच्च एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के पर्याप्त अवसर उपलब्ध नहीं हैं। क्षेत्र की बहन-बेटियों और युवाओं को उच्च शिक्षा के लिए काशीपुर, रुद्रपुर, हल्द्वानी समेत अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है। नईम प्रधान ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि जसपुर में ही युवाओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध हों, ताकि उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियाद है और इस दिशा में ठोस काम किए जाने की जरूरत है। उन्होंने जसपुर में खेल सुविधाओं और प्रस्तावित स्टेडियम का मुद्दा उठाते हुए भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने स्टेडियम के नाम पर क्षेत्र की जनता को लंबे समय तक आश्वासन दिए, लेकिन धरातल पर अपेक्षित काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन पर्याप्त खेल मैदान और सुविधाएं उपलब्ध न होने के कारण उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। उन्होंने जसपुर में आधुनिक खेल सुविधाओं के विकास को जरूरी बताया। नईम प्रधान ने क्षेत्र की सड़कों की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में कई स्थानों पर सड़कों की हालत खराब है, जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल जैसी मूलभूत सुविधाओं पर गंभीरता से काम किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि आजाद समाज पार्टी उन्हें जसपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाती है तो वह इन सभी जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। उनका कहना है कि भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व वाली आजाद समाज पार्टी इन मुद्दों को मजबूती से उठाने और जनता की आवाज को सदन तक पहुंचाने में सक्षम है। नईम प्रधान ने कहा कि वह किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए चुनाव मैदान में उतरने की इच्छा नहीं रखते, बल्कि क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के उद्देश्य से चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व का होगा, लेकिन पार्टी यदि उन्हें अवसर देती है तो वह पूरी ताकत के साथ जसपुर की जनता के बीच जाकर समर्थन मांगेंगे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
