October 15, 2026
IMG-20261015-WA0001

साकेत बिहार में मां भगवती का आठवां विशाल जागरण संपन्न, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

काशीपुर। होटल अनन्य के निकट स्थित साकेत बिहार कॉलोनी में मां भगवती के आठवें विशाल जागरण का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। जागरण में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के दरबार में शीश नवाया और भजन-कीर्तन के माध्यम से मां भगवती का गुणगान किया। देर रात तक चले धार्मिक कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माता रानी से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और क्षेत्र की उन्नति की कामना की। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अरुण चौहान मुख्य  रूप से शामिल हुए।उन्होंने मां भगवती, भगवान श्री गणेश, भगवान शिव और श्री हनुमान जी के भव्य स्वरूपों के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने ज्योति प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजन किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। जागरण में मां बाल सुंदरी जागरण मंडली, जिसका नेतृत्व बलराम सिंह प्रजापति ने किया, ने भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। माता रानी की महिमा का गुणगान करते हुए प्रस्तुत किए गए भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भक्तों ने माता रानी के जयकारे लगाकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अरुण चौहान ने कहा कि जागरण समिति की ओर से उन्हें हर वर्ष इस धार्मिक आयोजन में आमंत्रित किया जाता है। बलराम सिंह प्रजापति और आयोजन समिति के सदस्यों का स्नेह उन्हें लगातार यहां खींच लाता है। उन्होंने कहा कि इस पावन आयोजन में शामिल होकर उन्हें अत्यंत आनंद और आत्मिक शांति की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि ईश्वर और माता रानी की कृपा के बिना संसार में कोई भी कार्य संभव नहीं है। उन्हीं की इच्छा और आशीर्वाद से हम सभी एकत्रित होते हैं। किसी भी धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए मेहनत, समय, समर्पण और सामूहिक सहयोग की आवश्यकता होती है। ऐसे आयोजन समाज में आपसी मेल-मिलाप, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अरुण चौहान ने विशेष रूप से युवा पीढ़ी की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि युवा एकजुट होकर धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में अपना महत्वपूर्ण समय और योगदान दे रहे हैं। युवाओं का इस प्रकार आगे आना समाज और संस्कृति के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि जब सभी लोग मिलकर प्रभु और माता रानी का स्मरण करते हैं, तो एक अलग ही आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने आठवें विशाल जागरण के सफल आयोजन पर पूरी समिति को बधाई देते हुए कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से हमारी परंपराएं और संस्कार अगली पीढ़ी तक पहुंचते हैं। ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखना समाज के हित में है। अरुण चौहान ने जागरण समिति के प्रमुख सदस्यों अमित दिवाकर, अजय प्रजापति, अनुज सैनी, सचिन सैनी, अमन दिवाकर, दीक्षित, गौरव सैनी, पंकज अरोरा, विवेक दिवाकर, संजू दिवाकर और विश्वास दिवाकर सहित सभी सेवादारों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में समिति के प्रत्येक सदस्य और सेवादार का योगदान महत्वपूर्ण है। सभी ने मिलकर जिस श्रद्धा, उत्साह और समर्पण के साथ कार्यक्रम की व्यवस्थाएं संभालीं, वह सराहनीय है। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों का आभार भी व्यक्त किया। जागरण के समापन पर विधि-विधान से मां भगवती की आरती की गई। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं को माता रानी का पावन प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के जयकारों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!