
काशीपुर। दशहरा पर्व पर आम आदमी पार्टी (आप) के उत्तराखंड प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट उदित बंसल ने काशीपुर में ‘जनसमस्या रूपी रावण’ का पुतला दहन कर शहर की बुनियादी समस्याओं को लेकर विरोध जताया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए जनसमस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। मीडिया से बातचीत में उदित बंसल ने कहा कि दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। इसी संदेश के साथ उन्होंने जनसमस्याओं को रावण का प्रतीक मानकर पुतला दहन किया। उन्होंने कहा कि काशीपुर की जनता लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है, जिनका स्थायी समाधान होना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि यदि उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी की सरकार बनती है और जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है, तो अगले एक वर्ष के भीतर काशीपुर की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्राथमिकता से काम किया जाएगा। भाजपा पर निशाना साधते हुए बंसल ने कहा कि काशीपुर में पिछले 25 वर्षों और नगर निगम में 15 वर्षों से भाजपा का प्रभाव रहने के बावजूद समस्याएं पूरी तरह समाप्त नहीं हो सकी हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर सवाल उठाते हुए कहा कि विकास का आकलन घोषणाओं से नहीं, बल्कि जनता को मिलने वाली सुविधाओं से होना चाहिए। कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना चाहिए, लेकिन कांग्रेस सत्ताधारी भाजपा के साथ मिलीभगत कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए काशीपुर को समस्यामुक्त बनाने के लिए प्रयासरत रहेगी।
उदित बंसल ने कहा कि ‘जनसमस्या रूपी रावण’ का पुतला दहन केवल प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं, बल्कि शहर की समस्याओं के समाधान के प्रति उनके संकल्प का संदेश है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

