October 21, 2026
Screenshot_20261021_150749_Gallery

आजाद समाज पार्टी ने मिशन 2027 की तैयारियां तेज कीं, गांव-गांव जनसंपर्क और बूथ-सेक्टर कमेटियों को मजबूत करने का आह्वान

काशीपुर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना से सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के आगामी 3 नवंबर को प्रस्तावित कुमाऊं दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। दौरे के दौरान वह जसपुर, काशीपुर और बाजपुर विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं को संबोधित करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर कार्यकर्ताओं में जोश भरेंगे। पार्टी पदाधिकारियों ने इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आजाद समाज पार्टी के उत्तराखंड प्रभारी डॉ. अशोक सत्येंद्र ने बताया कि कुमाऊं मंडल के कार्यकर्ता और आम जनता पिछले दो वर्षों से राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के दौरे की मांग कर रहे थे। अब प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम के नेतृत्व में यह कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि दौरे को लेकर क्षेत्र की जनता और युवाओं में व्यापक उत्साह है तथा कार्यक्रम ऐतिहासिक साबित होगा।डॉ. अशोक सत्येंद्र ने कहा कि एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद आज युवाओं के बीच लोकप्रिय चेहरा बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि देश में दलित समाज के कई सांसद होने के बावजूद दलितों और अल्पसंख्यकों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाने वालों में चंद्रशेखर आजाद प्रमुख हैं। इसी वजह से लोग उनसे मिलने और उनके विचार सुनने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम के साथ प्रस्तावित कार्यक्रमों की समीक्षा की जा चुकी है। पार्टी पदाधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और उन्हें दौरे की जानकारी दे रहे हैं। जनसंपर्क के दौरान लोगों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है। पार्टी का प्रयास है कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित कर कार्यक्रम को सफल बनाया जाए! प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ और सेक्टर कमेटियों को मजबूत बनाएं। पदाधिकारियों ने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन का विस्तार कर पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए अभी से जुटना होगा, ताकि विधानसभा चुनाव में पार्टी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सके! इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम, जिलाध्यक्ष शाहनवाज अहमद, महानगर अध्यक्ष डॉ. एम.ए. राहुल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!