October 21, 2026
IMG-20261021-WA0031

त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, दूध के नमूने जांच के लिए भेजे

काशीपुर। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और आमजन को मिलावट से बचाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार, 21 अक्टूबर को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने काशीपुर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान छह दुकानों और डेयरी प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान दो डेयरी प्रतिष्ठानों से दूध के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मानपुर रोड स्थित डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए दूध की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने एकत्र किए। शिव शक्ति डेयरी, मानपुर रोड, काशीपुर के संचालक दीपक पुत्र मंगोसी के प्रतिष्ठान से खुले दूध का नमूना लिया गया। वहीं, मैसर्स श्री गुरु रामदास डेयरी, मानपुर रोड, काशीपुर के संचालक हरविंदर सिंह पुत्र फुम्मन सिंह के प्रतिष्ठान से गाय के दूध का नमूना एकत्र किया गया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, दोनों नमूनों को नियमानुसार सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दूध की गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में मिलावट अथवा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने मिठाई और बेकरी उत्पादों की बिक्री करने वाले व्यापारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिठाई और बेकरी उत्पादों के डिब्बों पर निर्माण की तिथि (मैन्युफैक्चरिंग डेट) तथा उपयोग की अंतिम तिथि (यूज बाय/एक्सपायरी डेट) अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को उत्पाद की ताजगी और उसकी उपयोग अवधि के संबंध में सही जानकारी मिल सके। उन्होंने कहा कि खुले में बिक्री के लिए रखी जाने वाली मिठाइयों की ट्रे पर भी मिठाई तैयार किए जाने की तिथि और समय के साथ उसके उपभोग की अंतिम अवधि से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदर्शित की जानी चाहिए। इससे उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित उपभोग के संबंध में जानकारी मिल सकेगी। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने व्यापारियों को चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करना सभी विक्रेताओं की जिम्मेदारी है। मिठाई और बेकरी उत्पादों पर आवश्यक तिथियां दर्ज नहीं करने अथवा निर्धारित नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए निरीक्षण और जांच अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!