2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे मंथन, संगठन को मजबूत करने पर रहेगा जोर
काशीपुर। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद के काशीपुर स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) गेस्ट हाउस पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और समर्थन में जमकर नारेबाजी की। पत्रकारों से बातचीत करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने किसानों की समस्याओं, बेरोजगारी, औद्योगिक इकाइयों के पलायन और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। चंद्रशेखर आजाद ने काशीपुर को संतों और गुरुओं की पावन धरती बताते हुए कहा कि वह इस भूमि को नमन करने आए हैं। यहां की जनता का आशीर्वाद लेने के साथ ही स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनेंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के बुनियादी मुद्दों को जनता और मीडिया के माध्यम से सरकार तक पहुंचाया जाएगा, जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके। किसानों की समस्याओं पर सरकार को घेरते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि करीब 20 से 25 दिन पहले हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक उन्हें अपेक्षित राहत नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि किसानों से वादे करने के बजाय उनकी फसल के नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाना चाहिए। औद्योगिक क्षेत्र और रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बेरोजगारी देश की गंभीर समस्याओं में शामिल है। काशीपुर का उदाहरण देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में स्थापित कई कंपनियों और फैक्ट्रियों ने सरकारी सब्सिडी का लाभ तो लिया, लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में धीरे-धीरे यहां से पलायन कर गईं। इसके चलते औद्योगिक इकाइयां खाली पड़ी हैं और स्थानीय युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था जैसे बुनियादी विषयों पर भी गंभीरता से काम करने की जरूरत है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि काशीपुर प्रवास के दौरान वह पार्टी के वरिष्ठ और समर्पित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाएंगे। इसके अलावा शाम को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच जाएगी और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास करेगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800

