November 11, 2026
Screenshot_20261111_141945_Gallery

काशीपुर। प्रदेश के बेरोजगार युवाओं और हुनरमंद कामगारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्तराखंड हुनर परिषद ने पहल तेज कर दी है। परिषद की ओर से ऐसे लोगों को उनके पारंपरिक एवं तकनीकी कार्यों से संबंधित आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जा रही है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर और रोजगार की तलाश कर रहे लोग अपने हुनर के दम पर आजीविका अर्जित कर सकें। इस योजना के तहत राजमिस्त्रियों, महिलाओं, बढ़ई और काष्ठ कला से जुड़े कामगारों को अलग-अलग प्रकार की टूल किट एवं उपकरण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। इसके लिए जसपुर, हल्द्वानी, हरिद्वार और देहरादून में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उत्तराखंड हुनर परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. यूनुस चौधरी ने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे युवा और कामगार हैं, जिनके पास हुनर तो है, लेकिन आर्थिक संसाधनों और आवश्यक उपकरणों के अभाव में वे अपने काम को आगे नहीं बढ़ा पाते। ऐसे लोगों को रोजगार से जोड़ने और उन्हें स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से परिषद की ओर से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में श्रम विभाग से प्रदेश के बेरोजगारों की सूची मांगी गई है, ताकि जरूरतमंदों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। उन्होंने बताया कि परिषद की योजना के तहत अलग-अलग कार्यों में दक्ष लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। मकान निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों से जुड़े राजमिस्त्रियों को छेनी, हथौड़ी, कन्नी, बसूली सहित काम में इस्तेमाल होने वाले जरूरी औजारों की टूल किट दी जाएगी। इससे उन्हें अपने कार्य के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे और वे स्वतंत्र रूप से काम करके अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे। इसी प्रकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिलाई मशीनें देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। सिलाई का हुनर रखने वाली महिलाएं मशीन मिलने के बाद घर से ही सिलाई का काम शुरू कर सकती हैं। इससे उन्हें अपनी आजीविका चलाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिलेगी। डॉ. यूनुस चौधरी ने बताया कि बढ़ई और काष्ठ कर्मियों को भी इस योजना में शामिल किया गया है। लकड़ी से संबंधित कार्य करने वाले कारीगरों को आरी, बसूला समेत अन्य आवश्यक औजारों की पूरी किट उपलब्ध कराने की योजना है। उनका कहना है कि प्रदेश में अनेक लोग ऐसे पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े हैं, जिन्हें थोड़ी सी आर्थिक सहायता और जरूरी उपकरण उपलब्ध कराकर बेहतर रोजगार के अवसर दिए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि उपकरणों के वितरण और पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जसपुर, हल्द्वानी, हरिद्वार और देहरादून में विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से संबंधित क्षेत्रों के जरूरतमंद कामगारों और महिलाओं तक सीधे पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। शिविरों में पात्र लोगों को चिह्नित कर उन्हें योजना से जोड़ने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी। परिषद का प्रयास है कि जिन लोगों के पास काम करने का हुनर है, उन्हें संसाधनों के अभाव में बेरोजगार न रहना पड़े। डॉ. यूनुस चौधरी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हुनरमंद लोगों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की पहल भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास तभी संभव है, जब युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें और कामगार अपने हुनर के माध्यम से आत्मनिर्भर बनें। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए परिषद लगातार प्रयासरत है। आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे जनहित के कार्यों और विकास योजनाओं के आधार पर भाजपा को जनता का समर्थन मिलेगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी बहुमत से जीत हासिल कर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!