November 14, 2026
IMG-20261114-WA0057

स्व. दिनेश कुमार अग्रवाल के पुत्र रितेश अग्रवाल और अमिष अग्रवाल ने पिता की स्मृति को बनाया प्रेरणास्रोत, कंप्यूटरों के साथ फर्नीचर, इन्वर्टर और एसी भी किए भेंट; बाल दिवस पर विद्यार्थियों को मिला आधुनिक डिजिटल शिक्षा का उपहार

काशीपुर। शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव ही किसी व्यक्ति की स्मृतियों को हमेशा जीवित रखता है। इसी भावना को आत्मसात करते हुए उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के पूर्व छात्र स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल की पुण्य स्मृति में उनके परिवार ने विद्यालय को आधुनिक कंप्यूटर लैब की अनूठी सौगात प्रदान की। बाल दिवस के अवसर पर स्वर्गीय अग्रवाल के पुत्र रितेश अग्रवाल एवं अमिष अग्रवाल ने विद्यालय की कंप्यूटर लैब के लिए 20 आधुनिक कंप्यूटर, आवश्यक फर्नीचर, इन्वर्टर और एसी समर्पित किए। इस पहल से विद्यालय के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने का बेहतर अवसर उपलब्ध होगा उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल वर्ष 1945 से 1950 तक उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के विद्यार्थी रहे थे। विद्यालय से उनका विशेष लगाव रहा। इसी जुड़ाव और अपने पिता की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से उनके पुत्रों ने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कंप्यूटर लैब उपलब्ध कराने का निर्णय लिया। परिवार की इस पहल को विद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। आधुनिक कंप्यूटर लैब का विधिवत शुभारंभ दिल्ली से पहुंचे स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल के परिजनों एवं विद्यालय प्रबंधकारिणी के पदाधिकारियों ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। नई कंप्यूटर लैब के शुरू होने से विद्यार्थियों को कंप्यूटर शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और तकनीकी कौशल विकसित करने में काफी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के कोषाध्यक्ष राजेंद्र कुमार अग्रवाल सर्राफ ने स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल के जीवन परिचय पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका विद्यालय से पुराना और आत्मीय संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्र की स्मृति में उनके परिवार द्वारा किया गया यह योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी रहेगा। शिक्षा के मंदिर से अपने पुराने रिश्ते को इस प्रकार निभाना समाज के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है। विद्यालय के प्रबंधक मनोज कुमार अग्रवाल ने कंप्यूटर लैब को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के लिए अग्रवाल परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की प्रगति में पूर्व छात्रों और उनके परिवारों का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल के परिवार ने विद्यालय के प्रति अपने जुड़ाव को जिस तरह सेवा और सहयोग के रूप में व्यक्त किया है, वह सराहनीय है। विद्यालय के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा प्रणाली से लेकर कौशल विकास तक कंप्यूटर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। ई-लर्निंग और डिजिटल शिक्षा आज विद्यार्थियों की जरूरत बन चुकी है। आधुनिक तकनीक के ज्ञान के बिना वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में आगे बढ़ना कठिन है। उन्होंने कहा कि 20 आधुनिक कंप्यूटरों के साथ सुसज्जित लैब उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को व्यावहारिक कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही वे तकनीकी ज्ञान और डिजिटल कौशल में भी दक्ष बन सकेंगे। उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए स्वर्गीय अग्रवाल के पुत्रों एवं समस्त परिवारजनों का आभार व्यक्त करते हुए प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को इससे बेहतर उपहार नहीं मिल सकता था। यह केवल कंप्यूटर और अन्य सुविधाओं का समर्पण नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति परिवार की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है। इस अवसर पर विद्यालय के उपाध्यक्ष हिमांशु गर्ग, उपमंत्री संजय अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य अभिषेक गोयल, कपिल अग्रवाल, मेजर मुनीशकांत शर्मा, उप प्रधानाचार्य महेश चंद्र आर्या, मनोज शर्मा, जयदीप सिंह, कौलेश गुप्ता, अनुराधा अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, रुचिन अग्रवाल सहित पारिवारिक सदस्य संजय अग्रवाल, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। स्वर्गीय दिनेश कुमार अग्रवाल की स्मृति में उनके परिवार द्वारा किया गया यह प्रयास इस बात का उदाहरण बना कि शिक्षा के प्रति समर्पण और अपने पुराने संस्थान से जुड़ाव किस तरह आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!