Screenshot_20250624_195908_Google.jpg

काशीपुर। काशीपुर में ई-रिक्शाओं के रूट व रेट निर्धारित किये जाने की मांग को लेकर शहर के एक पत्रकार द्वारा नगर निगम महापौर को पत्र सौंपा गया है। पत्र में कहा गया कि प्रशासन को ई-रिक्शाओं का रूट व रेट जल्द निर्धारित करना चाहिए, ताकि ई-रिक्शा चालकों की मनमानी पर अंकुश लग सके। उधर, क्षेत्रीय बुद्धिजीवियों का भी कहना है कि नगर की यातायात व्यवस्था दुरूस्त किये जाने के लिए ई-रिक्शाओं के रूट निर्धारण करना नितांत आवश्यक है। क्योंकि निर्धारित संख्या में ई-रिक्शाएं इन स्थानों पर आयेंगी तो शहर में विभिन्न स्थानों पर जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी।

इसके साथ ही ई-रिक्शाओं का किराया भी निर्धारित करने की मांग पिछले काफी समय से नगर की जनता द्वारा उठाई जा रही है, लेकिन आज तक रिक्शाओं का किराया निर्धारित नहीं किया गया। काशीपुर में ई-रिक्शा चालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं, जबकि अन्य शहरों में ई-रिक्शाओं का किराया यहां के मुकाबले बहुत कम है। वहां दस रूपये में तीन-चार किलोमीटर तक ई-रिक्शा चालक सवारी को ले जाते हैं, जबकि काशीपुर में ई-रिक्शा चालक आधा-एक किलोमीटर तक जाने के लिए एक सवारी से 20 से 30 रूपये तक वसूल रहे हैं। रात में यह रेट बढ़कर दोगुना हो जाता है। बुद्धिजीवियों का यह भी कहना है कि यूपी के रहने वाले लोग भारी संख्या में यहां आकर ई-रिक्शा चला रहे हैं। इससे स्थानीय ई-रिक्शा चालकों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है। हालांकि, पुलिस द्वारा ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन किया जा रहा है, लेकिन तमाम लोग सत्यापन कराने में कोताही बरत रहे हैं। सत्यापन के लिए पुलिस को सख्ती बरतने की आवश्यकता है। नगर निगम महापौर दीपक बाली को पत्रकार मुकुल मानव द्वारा सौंपे गए पत्र में ई-रिक्शाओं का रूट व रेट जल्द निर्धारित करने की मांग पुरजोर ढंग से उठाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!