February 15, 2026
Screenshot_20250802_182106_WhatsApp.jpg

विशेषज्ञ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने छात्रों को दिया करियर मार्गदर्शन

काशीपुर द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर में आज वरिष्ठ कक्षाओं (कक्षा 9वीं से 12वीं) के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायी करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। यह सत्र चार्टर्ड अकाउंटेंसी और व्यक्तित्व विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहा, जिसमें शहर के ख्याति प्राप्त चार्टर्ड अकाउंटेंट्स सीए निखिल गोयल और सीए प्रांजलि गोयल ने मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छात्रों को न केवल अच्छे अंक लाने की आवश्यकता है, बल्कि उन्हें करियर के सही विकल्पों को समझने और समय रहते उचित दिशा में आगे बढ़ने की भी आवश्यकता है।
सत्र के पहले वक्ता सीए निखिल गोयल ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी की तैयारी की रणनीतियों, संभावनाओं और व्यावसायिक दुनिया में इसके महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों को बताया कि केवल मेहनत ही नहीं, सही दिशा और समय प्रबंधन भी सफलता की कुंजी है। वे पिछले कई वर्षों से छात्रों को करियर संबंधी मार्गदर्शन देने के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास पर भी कार्य कर रहे हैं।
इसके बाद सीए प्रांजलि गोयल ने अपनी प्रेरणादायक सफलता की कहानी साझा की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार उन्होंने केवल 22 वर्ष की उम्र में प्रथम प्रयास में ही सीए की परीक्षा पास कर ली और आज शहर की सबसे बड़ी सीए फर्म में कार्यरत हैं। उन्होंने छात्रों को आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
सत्र के अंत में एक संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने करियर से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे जैसे कि “सीए और एमबीए में क्या अंतर है?”, “वैकल्पिक करियर विकल्प क्या हो सकते हैं?” और “सीए बनने के लिए किन कौशलों की आवश्यकता होती है?” विशेषज्ञों ने हर प्रश्न का सरल और स्पष्ट उत्तर देकर छात्रों की शंकाओं का समाधान किया।
विद्यालय की शिक्षिका व करियर काउंसलिंग प्रभारी ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाते हैं और उन्हें सही समय पर निर्णय लेने में मदद करते हैं। अंत में विद्यालय की ओर से दोनों विशेषज्ञों को स्मृति चिह्न भेंट कर आभार प्रकट किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री नीरज कपूर जी, डायरेक्टर श्रीमती वसुधा कपूर जी, प्रधानाचार्य श्री प्रतीक गोयल जी, श्रीमती मिनल बधवार जी, उप-प्रधानाचार्या (9-12),श्रीमती शुभांगी शर्मा जी, उप-प्रधानाचार्या (6-8) सहित सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *