February 15, 2026
Screenshot_20250802_183047_WhatsApp.jpg

द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल, काशीपुर द्वारा आयोजित STEM-DLD 2025–26 सीबीएसई द्वारा नियोजित कार्यशाला ने उधम सिंह नगर जिले में शैक्षिक नवाचार और सहयोग को एक नई दिशा देने का प्रयास किया। इस एक-दिवसीय आयोजन में जिले के 10 से अधिक प्रतिष्ठित स्कूलों ने सक्रिय भागीदारी की, जिसमें शिक्षकों ने STEM (विज्ञान, तकनीक, अभियंत्रण और गणित) आधारित 14 केस प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जो ज्ञान और नवोन्मेष का प्रतीक माना जाता है। मुख्य अतिथियों में द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के चेयरमैन श्री नीरज कपूर जी, जेएनवी ठाकुरद्वारा के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार गौड़ जी, श्री गुरु नानक स्कूल रामनगर के प्राचार्य श्री हिमांशु जोशी जी, जेएनवी ठाकुरद्वारा की PGT केमिस्ट्री शिक्षिका सुश्री बृजेश कुमारी जी और द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल के प्राचार्य श्री प्रतीक गोयल जी शामिल रहे।

अपने स्वागत भाषण में श्री प्रतीक गोयल जी ने STEM को केवल विषयों का समूह नहीं, बल्कि 21वीं सदी के छात्रों के लिए एक दृष्टिकोण बताया, जो उन्हें जिज्ञासा, खोज और रचनात्मक समाधान की दिशा में प्रेरित करता है। प्रस्तुत केस स्टडीज़ में शिक्षकगणों ने विभिन्न स्थानीय और वैश्विक समस्याओं पर तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए, जिनमें पर्यावरणीय स्थिरता, शहरी कचरा प्रबंधन, ग्रामीण शिक्षा में डिजिटल उपकरणों का प्रयोग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शैक्षिक भूमिका, ऊर्जा संरक्षण, जल शुद्धिकरण तकनीक, और विज्ञान शिक्षण को व्यावहारिक और रोचक बनाने के उपाय जैसे विषय सम्मिलित थे।

प्रत्येक प्रस्तुति के पश्चात संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने दर्शकों और विशेषज्ञों के सवालों का आत्मविश्वासपूर्वक उत्तर दिया। कार्यक्रम की समीक्षा एक विशेष समिति द्वारा की गई, जिसमें अनुभवी शिक्षकों और विषय विशेषज्ञों ने प्रस्तुति की स्पष्टता, समस्या की पहचान, समाधान की व्यवहारिकता और नवाचार की दृष्टि से मूल्यांकन किया।

कार्यक्रम के परिणामस्वरूप, दो सर्वश्रेष्ठ केस पेपरों का चयन किया गया, जिन्हें आगामी राज्य स्तरीय STEM-DLD कार्यक्रम में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। चयनित प्रतिभागी हैं – श्रीमती वंदना बुडाकोटी जी (DPS, रुद्रपुर) जिनका विषय था “व्यावहारिक शिक्षण और परियोजना आधारित शिक्षा”, और श्रीमती रितिका जैन जी (TGFS, काशीपुर) जिनकी प्रस्तुति फोर्स सेंसर के सर्किट सिमुलेशन” पर आधारित थी।

द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल द्वारा प्रस्तुत यह आयोजन न केवल STEM शिक्षा को लोकप्रिय बनाने की दिशा में एक प्रयास था, बल्कि यह शैक्षिक संस्थानों के बीच सहयोग, संवाद और साझा अधिगम की भावना को भी सशक्त करने वाला कदम था।

कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि वर्तमान समय की शिक्षा को केवल परीक्षा केंद्रित नहीं, बल्कि व्यवहारिक, रचनात्मक और समस्या-समाधान उन्मुख होना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री नीरज कपूर जी, डायरेक्टर श्रीमती वसुधा कपूर जी, प्रधानाचार्य श्री प्रतीक गोयल जी, उप प्रधानाचार्य श्रीमती मिनल बधवार जी (9-12),उप प्रधानाचार्य श्रीमती शुभांगी शर्मा जी (6-8) सहित विज्ञान संकाय के सभी शिक्षक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *