February 15, 2026
Screenshot_20250813_190857_WhatsApp.jpg

काशीपुर। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल, काशीपुर में बीते दिनों देशभक्ति और सांस्कृतिक उत्सव का अद्भुत संगम देखने को मिला। एक ओर जहाँ जन्माष्टमी के पावन पर्व पर विद्यालय में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।


बुधवार को आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग, प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग एवं अन्य अतिथियों के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। नन्हें-मुन्ने विद्यार्थी नटखट नंद गोपाल, राधा, वासुदेव, देवकी, ग्वाले और गोपियों की आकर्षक वेशभूषा में नजर आए।
विद्यालय परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी सजाई गई, जिसने सभी का मन मोह लिया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नर्सरी से कक्षा एक तक के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कक्षा नर्सरी में उन्नति रावत ने प्रथम और गुरलीन कौर ने द्वितीय एवं अलमीरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा एलकेजी में अनायरा प्रथम, सानवी मल्होत्रा,हितिका द्वितीय और अबीर रजा तृतीय रहे। कक्षा यूकेजी में कात्यायनी शर्मा प्रथम, रिद्धिका द्वितीय और रिमशा जिरानी, अवनी सिंह तृतीय स्थान पर रहे।


ब्रज की प्रसिद्ध लठमार होली और बरसाने की फूलों की होली का जीवंत मंचन भी हुआ। कक्षा नर्सरी से कक्षा एक तक के विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की रासलीला पर आधारित युगल नृत्य प्रतियोगिता में भाग लिया, जिसमें कक्षा यूकेजी से कात्यानी शर्मा और गीतांश ने प्रथम स्थान तथा कक्षा एक से तनिष्का शर्मा और ऋषिका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विजेता जोड़े ने माखन की हांडी जिसे हम गोविंदा मटकी भी कहते हैं को फोड़कर माहौल को उल्लासमय बना दिया।

भजनों की मधुर ध्वनि — “अरे सखी मंगल गऊ”, “वृंदावन जाऊंगी”, “तेरा नाम चल रहा है” — ने पूरे वातावरण को कृष्णमय कर दिया। भगवान श्रीकृष्ण की आरती, छप्पन भोग का प्रसाद और “हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों ने माहौल में भक्ति और आनंद भर दिया।

“हर घर तिरंगा” रैली
देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस अवसर पर विद्यालय द्वारा नगर में “हर घर तिरंगा” रैली भी निकाली गई। रैली प्रातः 8:30 बजे विद्यालय प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर निगम, मुख्य बाज़ार, पुलिस कोतवाली और तहसील रोड से होती हुई पुनः विद्यालय पहुँची।

कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हर घर तिरंगा” के नारों से पूरे शहर का वातावरण देशभक्ति से सराबोर कर दिया। नगर निगम में पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया और देशप्रेम की सराहना की।

प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशभक्ति, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रबल करते हैं। प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग ने विजेताओं को पुरस्कृत किया और सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाणपत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *