


कल दिनांक 25 अगस्त को काशीपुर में पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह जी की अध्यक्षता में वरिष्ठ नागरिकों के हित में एक महत्वपूर्ण बैठक उनके कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में KDF अध्यक्ष श्री राजीव घई तथा वरिष्ठ नागरिक मंच के अध्यक्ष श्री हरीश कुमार, सचिव श्री सी.बी. डोभाल, श्री चक्रेश जैन, श्री बी.बी. भट्ट, सुश्री जगदीश नरूला, श्री पंत एवं श्री राजेन्द्र अग्रवाल सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में यह विचार रखा गया कि समाज के वरिष्ठ नागरिकों तक वर्तमान में सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाएँ और योजनाएँ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुँचनी चाहिए। इस दिशा में पुलिस विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिक सहायता सेल बनाने का प्रस्ताव रखा गया, जिसका सभी उपस्थित सदस्यों ने स्वागत किया।
मुख्य सुझाव इस प्रकार रहे:
• प्रत्येक पुलिस चौकी पर क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों की सूची उपलब्ध हो।
• सूची बनाने हेतु पार्षद/ग्राम प्रधान, आंगनवाड़ी वर्कर व आशा वर्कर का सहयोग लिया जाए।
• समय-समय पर वरिष्ठ नागरिकों से सीधा संवाद व सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
• दिल्ली मॉडल को ध्यान में रखते हुए काशीपुर में भी वरिष्ठ नागरिक सहायता सेल की प्रभावी स्थापना हो।
• जिन वरिष्ठ नागरिकों का कोई सहारा नहीं है, उन्हें विशेष सहयोग व सुरक्षा दी जाए।
• ऐसे मामलों पर संज्ञान लिया जाए जहाँ संतान अपने बुजुर्ग माता-पिता की सेवा नहीं कर रहे हैं।
सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के लिये प्रमुख योजनाएँ:
• वृद्धावस्था पेंशन योजना – उत्तराखंड में 60 वर्ष से ऊपर के पात्र बुजुर्गों को ₹1,500 मासिक पेंशन।
• स्वास्थ्य लाभ – आयुष्मान भारत योजना के तहत ₹5 लाख तक का मुफ्त इलाज, सरकारी अस्पतालों में रियायती सुविधाएँ।
• यात्रा छूट – रेल किराये में पुरुषों को 40% व महिलाओं को 50% छूट।
• वित्तीय लाभ – सीनियर सिटिजन सेविंग स्कीम में उच्च ब्याज, बैंक FD पर अतिरिक्त ब्याज दर।
• कानूनी संरक्षण – माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक अधिनियम 2007 के अंतर्गत संतान का दायित्व है कि वे अपने माता-पिता की देखभाल करें।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक श्री अभय प्रताप सिंह जी की इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस विभाग को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
राजीव घई
अध्यक्ष KDF

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
