

काशीपुर के बच्चों के लिए भारतीय संस्कृति , सनातन धर्म एवं देशप्रेम पर आधारित प्रतिवर्ष आयोजित किया जाने बाला फैंसी ड्रेस शो शुक्रवार 3 अक्टूबर 2025 को सायं 5 बजे से श्री रामा कृष्णा ड्रामेटिक क्लब ( पंजाबी रामलीला भवन ) पोस्ट ऑफिस रोड काशीपुर में सम्पन्न हुआ । फैंसी ड्रेस शो के इस कार्यक्रम में सम्पूर्ण काशीपुर एवं आसपास के 50 से अधिक विद्यालयों के 300 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया । कार्यक्रम का आयोजन श्याम मॉडर्न जूनियर हाई स्कूल , कानूनगोयान काशीपुर द्वारा किया गया साथ ही कार्यक्रम में सम्पूर्ण काशीपुर एवं आसपास के बच्चों को मंच हेतु उपलब्ध कराने के लिए मान्यता प्राप्त विद्यालय प्रबंधक संघ , काशीपुर का विशेष सहयोग रहा ।
भारतीय संस्कृति , सनातन धर्म एवं देशप्रेम पर आधारित बच्चों के इस फैंसी ड्रैस शो में बच्चों द्वारा अभिनय , गायन , संवाद एवं नृत्य का प्रदर्शन भद्र एवं शालीन वेशभूषा के साथ किया गया । फैंसी ड्रेस शो में प्रतिभाग हेतु चार वर्ग रखे गये थे । जिसमें एकल प्रतिभाग हेतु शिशु वर्ग में न्यूनतम 6 माह से 3 वर्ष तक , कनिष्ठ वर्ग में 3 वर्ष 1 दिन से 8 वर्ष तक , वरिष्ठ वर्ग में 8 वर्ष 1 दिन से 16 वर्ष तक एवं सामूहिक प्रतिभाग हेतु समूह वर्ग में न्यूनतम 6 माह से 16 वर्ष तक के बच्चों ने प्रतिभाग किया ।
प्रत्येक वर्ग में प्रथम , द्वितीय , तृतीय एवं सभी प्रतियोगियों को सान्त्वना पुरस्कार प्रदान किये गये साथ ही प्रत्येक प्रतियोगी हेतु अल्पाहार की व्यवस्था भी कार्यक्रम स्थल पर रही । कार्यक्रम में बच्चों की जागरूकता बनाये रखने के लिए देवार्पण फूड्स की और से समय – समय पर ढेर सारे शानदार गिफ्ट हैम्पर की व्यवस्था अर्पण अग्रवाल द्वारा की गयी थी ।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
