February 15, 2026
Screenshot_20251114_184429_WhatsApp.jpg

बोले—“शहर की स्वच्छता में नागरिकों की जिम्मेदारी सबसे अहम”

काशीपुर नगर निगम के पर्यावरण मित्रों की लंबे समय से लंबित वर्दी और स्वास्थ्य सुरक्षा किट वितरण की मांग आज पूरी हो गई। नगर निगम सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने 347 पर्यावरण मित्रों में से प्रथम चरण में 190 कर्मियों को वर्दी और स्वास्थ्य सुरक्षा किट वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर आयुक्त रविंद्र बिष्ट , ब्लाक प्रमुख चंद्रप्रभा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अमरजीत साहनी, पार्षदगण, अधिकारीगण, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में पर्यावरण मित्र उपस्थित रहे।

महापौर दीपक बाली ने अपने संबोधन में कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था सिर्फ निगम या सफाई कर्मियों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के सहयोग से ही काशीपुर को स्वच्छ और अग्रणी शहर बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम सफाई व्यवस्था के लिए तीन चरणों का ‘सफाई मास्टर प्लान’ तैयार कर चुका है, जिसका पहला चरण 1 दिसंबर से शुरू होगा। फरवरी तक तीनों चरण लागू कर शहर को नई पहचान देने का लक्ष्य रखा गया है।

महापौर ने बताया कि मानसून के दौरान पर्यावरण मित्रों के भीगने की शिकायत के बाद रेनकोट उपलब्ध कराए गए थे। अब वर्दी वितरण के साथ बेहतर गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुरक्षा किट भी प्रदान की गई है, जिसमें थर्मामीटर, बैंडेज, विटामिन ट्यूब, सैनिटाइजर, डिटॉल, दर्द निवारक स्प्रे, ग्लूकोज, पानी की बोतल सहित कई आवश्यक सामग्रियाँ शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का प्रयास है।

कार्यक्रम में निगम द्वारा बनाए जा रहे मास्टर प्लान, सफाई वाहनों, नई मशीनों और हाल ही में प्राप्त 35 नई गाड़ियों का भी उल्लेख किया गया। महापौर ने कहा कि जल्द ही पूरे शहर में स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली जाएगी।

उन्होंने बताया कि काशीपुर में आयोजित राज्य स्तरीय नगर निकाय सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष तीन महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं—

  1. रजिस्ट्रियों से मिलने वाले स्टांप शुल्क का 2% निकायों को मिले
  2. यूपीसीएल की बिजली बिल वसूली का 2% निकायों को दिया जाए
  3. प्राधिकरण द्वारा पास नक्शों के शुल्क का 50% निकायों को मिले

मुख्यमंत्री धामी ने इन प्रस्तावों पर सहानुभूति पूर्वक परीक्षण का आश्वासन दिया है, जिससे निकायों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने की उम्मीद है।

वर्दी वितरण के दौरान महापौर ने पर्यावरण मित्रों को संबोधित करते हुए कहा—
“कूड़े को उठाना आपका काम है, लेकिन कूड़ा न फेंकना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जब दो लाख लोग जिम्मेदारी निभाएंगे, तब सफाई कर्मी शहर को बिल्कुल वैसे साफ कर पाएंगे जैसा काशीपुर चाहता है।” इस अवसर पर पार्षद गुरविंदर सिंह चंडोक, संजय शर्मा, दीपा पाठक, वैशाली गुप्ता, पुष्कर बिष्ट, राशिदफारूखी , बीना नेगी, सीमा सागर, अनीता कांबोज समेत अनेक पार्षद एवं एस आई मनोज बिष्ट मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी पर्यावरण मित्रों को चरणबद्ध रूप से स्वास्थ्य किट और तैयार वर्दियों का वितरण किया गया। नगर निगम ने आश्वस्त किया कि शेष वर्दियाँ सिलाई प्रक्रिया पूर्ण होते ही वितरित कर दी जाएंगी।

भारत माता की जय के नारों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *