काशीपुर– स्वतंत्र भारत की एकता, अखंडता और अटूट नेतृत्व क्षमता के प्रतीक भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में एक भव्य और प्रेरणादायी चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय प्रशासन द्वारा देश के महान स्वतंत्रता सेनानी, स्वतंत्र भारत के प्रथम उप–प्रधानमंत्री तथा गृहमंत्री रहे पटेल जी के जीवन दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने हेतु मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी श्री डी. के. साहू तथा विशिष्ट अतिथि कार्यक्रम सयोजक और भाजपा जिला मंत्री श्री रजत सिद्धू पधारे। दोनों ही अतिथियों ने विद्यालय पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्रों द्वारा बनाई गई उत्कृष्ट कलाकृतियों की हृदय से प्रशंसा की।
प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। विद्यालय के प्रांगण को देसी रंगों और देशभक्ति की ऊर्जा से सजाया गया था। बच्चों ने अपने चित्रों में— सरदार बल्लभ भाई के जीवन को बड़ी खूबसूरती और गंभीरता के साथ दर्शाया। छात्र–छात्राओं ने पटेल जी की प्रसिद्ध मूर्ति—स्टैच्यू ऑफ यूनिटी—को भी अपनी कला में उकेरा, जिसमें रंगों और रेखाओं के माध्यम से उनकी विशालता, दृढ़ता और व्यक्तित्व का प्रभावशाली चित्रण किया गया।
इस प्रदर्शनी की सबसे विशेष बात यह रही कि अतिथियों ने छात्रों से उनके चित्रों, विषयों और सरदार पटेल के जीवन से संबंधित कई प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने अत्यंत आत्मविश्वास के साथ उत्तर दिया।
कई छात्रों ने बताया कि उन्होंने पटेल जी के बारे में- चरखे के आंदोलन, सत्य और अहिंसा पर आधारित उनके विचार, देश में व्यवस्था स्थापित करने के उनके प्रयास, राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर अध्ययन किया था और उसी भावना को अपने चित्रों में उकेरा है।
अतिथियों ने बच्चों की तैयारी, ज्ञान और रचनात्मकता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियाँ छात्रों के इतिहास–बोध को मजबूत करती है।
विद्यालय प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग जी द्वारा सरदार पटेल के जीवन पर आधारित विशेष पोस्टर्स, उनके प्रेरणादायी उद्धरण तथा ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़े तथ्य भी प्रदर्शनी में शामिल किये गए।
मुख्य अतिथि श्री डी. के. साहू जी ने विद्यालय द्वारा इस प्रदर्शनी की सरहाना करते हुए कहा कि आज की पीढ़ी को सरदार पटेल जैसे महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा:
“सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अद्वितीय नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति से पूरे देश की 565 रियासतों को एकजुट कर भारत को संपूर्ण राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। ऐसी महान हस्तियों के जीवन को कला और शिक्षा के माध्यम से बच्चों तक पहुंचाना अत्यंत सराहनीय प्रयास है।”
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को भी इस आयोजन के लिए बधाई दी।
विशिष्ट अतिथि श्री रजत सिद्धू ने बच्चों की रचनात्मकता की प्रशंसा की और कहा कि कला बच्चों के भीतर छिपी संवेदनाओं और विचारों को उभारती है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा:
“आज की प्रदर्शनी ने यह सिद्ध कर दिया कि हमारे बच्चों में न केवल कला की क्षमता है, बल्कि वे इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रनिर्माताओं के प्रति जागरूक भी हैं।”
उन्होंने सरदार पटेल के जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रसंग साझा कर छात्रों को प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग जी ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल कला प्रदर्शन नहीं था, बल्कि बच्चों को भारत के महान नेताओं से जोड़कर उनके व्यक्तित्व में देशभक्ति और नेतृत्व गुणों का विकास करना था।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने बताया कि इस प्रदर्शनी में भाग लेकर उन्हें बेहद खुशी और गर्व का अनुभव हुआ।
यह पूरा आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल के उसी संदेश को पुनर्जीवित करता दिखाई दिया, जिसमें वे कहते थे—
“देश की एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है।”
मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित यह प्रदर्शनी केवल एक कला कार्यक्रम नहीं बल्कि राष्ट्रीय चेतना, इतिहास–जागरूकता और प्रेरणा का जीवंत प्रतीक बनी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
