




होली एंजेल पब्लिक स्कूल, खरमासा, काशीपुर के विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने शनिवार, 13 दिसम्बर को नेस्ले पंतनगर फैक्ट्री (“NesConnect” पहल के अंतर्गत) का शैक्षणिक औद्योगिक दौरा किया। इस भ्रमण का संचालन प्रधानाचार्या सुश्री उपासना यादव के नेतृत्व में किया गया, जिसमें स्टाफ सदस्य विशाल यादव, शुभम कुमार, विशाल यादव, सुहानी सक्सेना, मेहजबी एवं गीतांजलि ने विद्यार्थियों का सहयोग किया। उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय खाद्य उद्योग की उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता नियंत्रण तथा आधुनिक प्रबंधन प्रणालियों से अवगत कराना था।
विद्यालय से चयनित लगभग 50 विद्यार्थियों का दल निर्धारित समयानुसार प्रातः 10 बजे फैक्ट्री परिसर पहुँचा, जहाँ नेस्ले टीम द्वारा सुरक्षा मानकों एवं औद्योगिक अनुशासन संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को निर्माण, पैकेजिंग तथा स्वच्छता संबंधी विभिन्न प्रक्रियाएँ क्रमबद्ध रूप से दिखायी गईं, जिससे उन्हें वास्तविक औद्योगिक वातावरण का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ।
पूरे भ्रमण के दौरान नेस्ले पंतनगर की ओर से श्री सौरव कुमार दास, श्री कार्तिक पांडे एवं श्री गर्वित शर्मा ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने प्रोडक्शन यूनिट, गुणवत्ता परीक्षण व्यवस्था एवं स्वचालित पैकेजिंग लाइन की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाते हुए विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर दिए, जिससे छात्र-छात्राओं में उद्योग के प्रति जिज्ञासा और रुचि में वृद्धि हुई।
विद्यालय प्रबंधन ने नेस्ले पंतनगर फैक्ट्री प्रशासन एवं संपूर्ण टीम के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण में उपयोगी शैक्षणिक अनुभव प्रदान किया। प्राचार्या सुश्री उपासना यादव ने कहा कि ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
