

बच्चों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
काशीपुर। जागृति पब्लिक स्कूल में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का आयोजन हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई, जिसके पश्चात राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।
ध्वजारोहण कार्यक्रम मुख्य अतिथि उदय राज हिंदू इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य श्री लक्ष्मी प्रसाद गहतोड़ी जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में डॉ. प्रकाश पंत एवं डॉ. सोमा पंत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कक्षा 3 की छात्रा हर्षिता ने देशभक्ति गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। इसके अलावा छात्रों ने देशभक्ति गीतों के साथ-साथ भाषण एवं कविताओं के माध्यम से संविधान, स्वतंत्रता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान 14 जनवरी को आयोजित उत्तरायणी मेले में भाग लेने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। उत्तरायणी मेले में बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रमों के लिए आज पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागी छात्रों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
साथ ही, उत्तरायणी मेले की तैयारियों में योगदान देने के लिए विद्यालय की नृत्य शिक्षिका श्रीमती प्रेरणा वर्मा, मिस अंजलि चंद्रा एवं मिस अंजलि शर्मा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कौशल किशोर पंत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए संविधान के महत्व, अनुशासन एवं शिक्षा की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य एवं विशेष अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को मजबूत करते हैं।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800
