February 15, 2026
IMG-20260126-WA0092.jpg


काशीपुर। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में सोमवार को 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को तिरंगे रंग की सजावट, देशभक्ति नारों और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत वातावरण से सुसज्जित किया गया। प्रातःकाल कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग, प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग एवं उप-प्रधानाचार्य कुमारी अर्चना तिवारी द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी देकर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने पूरे सम्मान और गर्व के साथ वंदे मातरम् एवं राष्ट्रीय गान का सामूहिक गायन किया।
ध्वजारोहण के उपरांत विद्यालय प्रांगण में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं मां सरस्वती के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की कड़ी में सर्वप्रथम कक्षा 5 से 8 तक के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत “मेरा रंग दे बसंती चोला” पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों की भावपूर्ण अभिव्यक्ति, तालमेल और जोश से भरे नृत्य ने उपस्थित सभी को भावुक कर दिया और पूरा वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो गया। तालियों की गड़गड़ाहट से विद्यालय परिसर गूंज उठा।
इसके पश्चात् का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अंग्रेज़ी एवं हिंदी भाषाओं में अपने विचार प्रस्तुत किए।
अंग्रेज़ी भाषण में कक्षा 2 की हबीबा, कक्षा 4 की मनरीत कौर, कक्षा 5 की अक्षिता, कक्षा 7 के रोहित सिंह तथा कक्षा 8 की भूमिका चौहान ने गणतंत्र दिवस के महत्व, संविधान, नागरिक कर्तव्यों एवं देश के प्रति उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर आत्मविश्वास से भरे विचार रखे। छोटी उम्र के विद्यार्थियों की स्पष्ट भाषा और आत्मविश्वास ने सभी को प्रभावित किया।
वहीं हिंदी भाषण में कक्षा 2 के मननदीप, कक्षा 3 की आन्वी सैनी, कक्षा 4 की रिया, कक्षा 7 की आरोही अरोरा एवं अनन्या घनसेला ने देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता संग्राम और गणतंत्र की महत्ता पर अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के विचारों में देशप्रेम, जिम्मेदारी और जागरूकता की झलक साफ दिखाई दी।
कार्यक्रम को और भी रंगारंग बनाते हुए विद्यार्थियों ने प्रसिद्ध देशभक्ति गीत “जय हो” पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुति दी। इस नृत्य ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा प्रांगण देशभक्ति के उत्साह से झूम उठा। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. गौरव गर्ग ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों को संबोधित किया। अपने प्रेरणादायक भाषण में उन्होंने बताया कि हम गणतंत्र दिवस क्यों मनाते हैं, संविधान का हमारे जीवन में क्या महत्व है और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमारे क्या अधिकार और कर्तव्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के मूल्यों—समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय—को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. गौरव गर्ग ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमें यह याद दिलाने वाला दिन है कि हमारा देश संविधान से चलता है और प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश की एकता और अखंडता बनाए रखने में योगदान दे। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम को अपने जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रबंधिका श्रीमती शिल्पी गर्ग ने भी सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में देशभक्ति, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उप-प्रधानाचार्य कुमारी अर्चना तिवारी ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समस्त स्टाफ और विद्यार्थियों की सराहना की।
समापन अवसर पर सभी विद्यार्थियों को मिष्ठान वितरित किया गया। पूरा आयोजन अनुशासन, गरिमा और राष्ट्रप्रेम का उत्कृष्ट उदाहरण रहा। मास्टर इंटरनेशनल स्कूल में मनाया गया 77वाँ गणतंत्र दिवस न केवल एक उत्सव रहा, बल्कि विद्यार्थियों के लिए देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने और निभाने की प्रेरणा भी बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *