काशीपुर। द्रोणासागर स्थित काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) द्वारा विकसित सार्वजनिक पार्क आज काशीपुर में खेल प्रतिभा के उभरते हुए केंद्र के रूप में स्थापित हो चुका है। वर्तमान में यहां प्रतिदिन लगभग 100 बच्चे आर्चरी, वॉलीबॉल एवं जूडो का नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। विशेष रूप से जूडो प्रशिक्षण पिछले एक माह से सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है, जिसे अब KDF द्वारा औपचारिक रूप से प्रारंभ किया गया है। इस प्रशिक्षण का संचालन राष्ट्रीय स्तर की जूडो कोच प्रीति सागर द्वारा अत्यंत समर्पण एवं दक्षता के साथ किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में 35 से अधिक बच्चों ने जूडो का नियमित अभ्यास प्रारंभ कर दिया है। KDF का लक्ष्य है कि ये खिलाड़ी आगामी समय में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। आर्चरी एवं वॉलीबॉल में भी कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी जिला एवं राज्य स्तर पर अपना स्थान बना चुके हैं। उपरोक्त जानकारी देते हुए KDF अध्यक्ष राजीव घई ने बताया कि संस्था का स्पष्ट उद्देश्य है कि काशीपुर की प्रतिभा को सुनियोजित प्रशिक्षण एवं संसाधनों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि द्रोणासागर का पौराणिक महत्व अत्यंत गौरवशाली रहा है। मान्यता है कि यह स्थल महाभारत काल में गुरु द्रोणाचार्य की शिक्षा एवं तीरंदाजी का प्रमुख केंद्र था। KDF इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से निरंतर प्रयासरत है, ताकि हमारी युवा पीढ़ी खेल के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास एवं संस्कारों से जुड़ सके।
घई ने कहा कि KDF द्वारा विकसित यह पार्क पूर्णतः सार्वजनिक पार्क है, जो आज स्थानीय नागरिकों एवं पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन चुका है। पार्क की स्वच्छता, हरित वातावरण एवं सुव्यवस्थित रखरखाव के लिए KDF के ट्रस्टीगण निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। KDF अध्यक्ष राजीव घई ने कहा कि द्रोणासागर की पावन भूमि पर खेल गतिविधियों का यह विस्तार केवल शारीरिक प्रशिक्षण नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक परंपरा के पुनर्जागरण का प्रयास है। KDF का संकल्प है कि काशीपुर की प्रतिभा को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जाए। KDF समाज के सहयोग से युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।” उन्होंने बताया कि KDF का संकल्प खेल, संस्कृति और अनुशासन के माध्यम से काशीपुर को राष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!