Screenshot_20260520_175137_WhatsApp

देहरादून। जसपुर क्षेत्र के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. यूनुस चौधरी ने आज देहरादून में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की तथा स्वर्गीय खंडूरी जी के चित्र के सम्मुख पुष्प अर्पित कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी जी एक सरल, ईमानदार एवं दूरदर्शी व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में सदैव जनसेवा और विकास को प्राथमिकता दी। उत्तराखंड राज्य के विकास एवं सुशासन के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी ने अपनी सादगी, कार्यशैली और अनुशासन से राजनीति में एक अलग पहचान बनाई थी, जिससे आज भी युवा पीढ़ी प्रेरणा लेती है। डॉ. यूनुस चौधरी ने विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी से मुलाकात के दौरान परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा प्रदेश खंडूरी परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस दौरान ताहिर चौधरी, आरिफ अंसारी, आसिफ चौधरी एवं अन्य सहयोगी भी उनके साथ मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय भुवन चंद्र खंडूरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!