





काशीपुर। पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए डॉ. जगदीश चंद्र गुप्ता गोपाल चंद्र गुप्ता सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, जैतपुर काशीपुर में 7 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित किया गया। इस सोलर सिस्टम को लगवाने में इनर व्हील क्लब ऑफ काशीपुर की मातृशक्ति द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया। सोमवार को विद्यालय परिसर में सोलर सिस्टम के उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन डॉ. सुरुचि सक्सेना उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती रेखा अग्रवाल, चेयरपर्सन KVS प्रीमियर फाउंडेशन मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता इनर व्हील क्लब ऑफ काशीपुर की अध्यक्ष डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय ने की। इस अवसर पर क्लब की सचिव डॉ. निमिषा अग्रवाल, सदस्य श्रीमती पूनम शर्मा, श्रीमती शालिनी अग्रवाल, विद्यालय अध्यक्ष श्री तनुज अग्रवाल तथा सदस्य श्रीमती निधि अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विद्यालय की बहनों द्वारा अतिथियों का तिलक एवं बैच अलंकरण कर स्वागत किया गया। साथ ही स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने अतिथियों का परिचय कराया, जबकि विद्यालय अध्यक्ष ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। मुख्य अतिथि डॉ. सुरुचि सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि सोलर ऊर्जा आज समय की आवश्यकता है और इस प्रकार की पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ग्रीन एनर्जी मिशन को आगे बढ़ाने में ऐसे प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार एवं इनर व्हील क्लब की ओर से समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। विद्यालय परिसर में सोलर सिस्टम लगने से अब विद्युत बचत के साथ-साथ विद्यार्थियों को नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति जागरूकता भी मिलेगी।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



