Screenshot_20260526_060441_Gallery

काशीपुर। द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल में आयोजित “समन्वय” कार्यक्रम के अंतर्गत आईआईटी मद्रास के प्रख्यात प्रोफेसर डॉ. दीपक परमशिवम के तीन दिवसीय शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक प्रवास का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में पीसीयू चेयरमैन एवं भाजपा नेता राम मेहरोत्रा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा, आधुनिक शिक्षा व्यवस्था, विकसित भारत और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। अपने संबोधन में राम मेहरोत्रा ने कहा कि आज भारत तेजी से विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और “विकसित भारत” केवल आर्थिक मजबूती का सपना नहीं, बल्कि ऐसा भारत है जहां हर नागरिक शिक्षित, आत्मनिर्भर, समृद्ध और खुशहाल हो। उन्होंने कहा कि देश का वर्तमान शिक्षा तंत्र निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है और भारत शिक्षा, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।


उन्होंने कहा कि आज भारतीय संस्थान जैसे आईआईटी, आईआईएम, मेडिकल संस्थान और रिसर्च सेंटर पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं। भारतीय छात्र अपनी प्रतिभा के दम पर विश्व स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी शिक्षा, कौशल विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य कर रही है। गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर लाने, युवाओं को रोजगार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राम मेहरोत्रा ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुका है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति और आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षण व्यवस्था देश के युवाओं को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार कर रही है। उन्होंने द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल द्वारा आयोजित “समन्वय” कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

आईआईटी मद्रास के प्रोफेसर डॉ. दीपक परमशिवम तथा आईआईएम काशीपुर से जुड़े शिक्षाविदों द्वारा विद्यार्थियों को जो मार्गदर्शन और ज्ञान प्रदान किया गया, उससे बच्चों को नई सोच, नई दिशा और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आधुनिक विज्ञान का समन्वय ही भविष्य की शिक्षा का आधार बन सकता है। द गुरुकुल फाउंडेशन स्कूल इसी दिशा में सार्थक प्रयास कर रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और आयोजकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार नवाचार, शिक्षा और संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहे तो यहां से निकलने वाले विद्यार्थी भविष्य में उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, प्रशासन और तकनीक सहित विभिन्न क्षेत्रों में देश और समाज का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने विशेषज्ञों से संवाद कर शिक्षा, करियर, विज्ञान और भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े अनेक विषयों की जानकारी प्राप्त की। विद्यालय परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान सकारात्मक और प्रेरणादायक वातावरण बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!