





काशीपुर। पीसीयू चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राम मेहरोत्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” विजन को देश के भविष्य के लिए ऐतिहासिक और दूरदर्शी संकल्प बताते हुए कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने जिस गति से विकास किया है, उसने पूरे विश्व का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश की राजनीति, अर्थव्यवस्था, विदेश नीति और सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है, जिसका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचा है। विशेष बातचीत में राम मेहरोत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शासन व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने का काम किया है। पहले सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पूरी तरह नहीं पहुंच पाता था, लेकिन अब तकनीक और बेहतर व्यवस्थाओं के माध्यम से गरीबों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों तक सीधे सहायता पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के कारण करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है और देश में आर्थिक सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है। आज दुनिया के बड़े और शक्तिशाली देश भारत की बात को गंभीरता से सुनते हैं। विदेश नीति के क्षेत्र में भारत की भूमिका पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों में भारत संतुलित और प्रभावशाली नीति के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसका लाभ देश को मिल रहा है। राम मेहरोत्रा ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आधुनिक तकनीक के साथ अपनी सैन्य ताकत को मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी विकसित राष्ट्र के लिए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था बेहद आवश्यक होती है और भारत इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में युद्ध और तनाव जैसी स्थितियां बनी हुई हैं, लेकिन भारत ने अपनी आर्थिक और कूटनीतिक मजबूती के कारण इन परिस्थितियों का प्रभाव काफी हद तक नियंत्रित रखा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकटों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था लगातार आगे बढ़ रही है और निवेश के क्षेत्र में भी देश मजबूत स्थिति में खड़ा है। राम मेहरोत्रा ने कहा कि “विकसित भारत” केवल एक नारा नहीं बल्कि करोड़ो देशवासियों का संकल्प है। विकसित भारत का अर्थ केवल आर्थिक समृद्धि नहीं, बल्कि ऐसा राष्ट्र है जो शिक्षा, स्वास्थ्य, तकनीक, रोजगार, सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में भी अग्रणी हो। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक, जब देश अपनी स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब भारत निश्चित रूप से विकसित राष्ट्रों की श्रेणी में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा और प्रधानमंत्री मोदी का विकसित भारत का सपना अवश्य साकार होगा।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



