
काशीपुर। जनपद में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देशन में काशीपुर क्षेत्र में विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने किया। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने काशीपुर के प्रतापपुर क्षेत्र स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों और दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

टीम ने कुल छह दुकानों की जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, भंडारण प्रणाली तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की पड़ताल की। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश भी दिए गए अभियान के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों के चार नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। इन नमूनों को विधिवत सील कर परीक्षण हेतु राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी नमूने में मानकों के विपरीत गुणवत्ता अथवा मिलावट पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त एक शिकायत के आधार पर स्थानीय बाजार क्षेत्र में भी जांच की गई। शिकायत में स्प्रिंग रोल की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाए गए थे। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने संबंधित प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया तथा स्प्रिंग रोल का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।

अधिकारियों ने बताया कि जन शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई विभाग की प्राथमिकता है और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपर्णा शाह ने कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य सामग्री का निर्माण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने खाद्य कारोबारियों से स्वच्छता बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग करने तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की। विभाग ने आम नागरिकों से भी आग्रह किया है कि यदि उन्हें किसी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह हो या खाद्य सुरक्षा संबंधी कोई शिकायत हो तो वे संबंधित विभाग अथवा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। अभियान से क्षेत्र के उपभोक्ताओं में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर भरोसा बढ़ा है तथा मिलावटखोरों में हड़कंप की स्थिति देखी जा रही है।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



