Screenshot_20260605_160907_WhatsApp

काशीपुर। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 तथा नियम एवं विनियम-2011 के प्रावधानों की जानकारी देने के उद्देश्य से शुक्रवार को होटल अनन्या रेजेंसी, काशीपुर में होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े खाद्य कारोबारकर्ताओं के लिए एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड द्वारा आयुक्त श्री विनय शंकर पाण्डेय के निर्देशों के अनुपालन में किया गया कार्यशाला में कुमाऊं मंडल के उपायुक्त (खाद्य सुरक्षा) डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत ने खाद्य सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “सुरक्षित आहार ही स्वास्थ्य का आधार है।” उन्होंने गुणवत्तायुक्त एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों की उपलब्धता, खाद्य सुरक्षा मानकों के विनियमन एवं निगरानी में एफएसएसएआई की भूमिका, खाद्य कारोबारकर्ताओं की जिम्मेदारियां, जनस्वास्थ्य संरक्षण, एफएसएसएआई लाइसेंस की अनिवार्यता, एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के उपयोग पर रोक तथा खाद्य उत्पादों की लेबलिंग संबंधी नियमों की विस्तार से जानकारी दी। सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) ऊधम सिंह नगर ललित मोहन पाण्डे ने खाद्य कारोबार में गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिसेस (GMP) और गुड हाईजीन प्रैक्टिसेस (GHP) के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने अनुसूची-04 के अंतर्गत स्वच्छता एवं सेनिटेशन मानकों के अनुपालन, सुरक्षित पेयजल, पेस्ट कंट्रोल, खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, स्वच्छ रसोईघर, खाद्य लेबलिंग तथा ईट राइट इंडिया अभियान के अंतर्गत RUCO (रीयूज्ड कुकिंग ऑयल) एवं फूड फोर्टिफिकेशन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के सभी प्रावधानों का पूर्ण रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन न केवल व्यवसाय की गुणवत्ता बढ़ाता है, बल्कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यशाला में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी काशीपुर श्रीमती अपर्णा साह सहित होटल अनन्या, होटल कुन्दन कलेवा, होटल मैनॉर, होटल रॉयल हवेली, बर्गर किंग, होटल शान-ए-पंजाब, द ब्लेज, होटल शगुन गार्डन, संधू ढाबा, संधू होटल एंड रेस्टोरेंट, सिद्दू कॉर्बेट ढाबा, होटल भजगोविन्दम, होटल कान्हा, होटल वंश, कांठीपुरा रेस्टोरेंट, नेस्ट कैफे, होटल उदुप्पी, होटल गौतमी हाइट्स समेत 30 से अधिक प्रतिनिधियों एवं खाद्य कारोबार से जुड़े अन्य प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य होटल एवं रेस्टोरेंट व्यवसायियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!