Screenshot_20260606_162950_Gallery

काशीपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को केवीएस प्रीमियर ग्रुप द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास के संकल्प के साथ काशी विश्वनाथ स्टील्स प्रा. लिमिटेड परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समूह के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 250 छायादार वृक्षों का रोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन के कारण पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। वृक्ष न केवल मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन का प्रमुख स्रोत हैं, बल्कि वे जल संरक्षण, भूमि संरक्षण और जैव विविधता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आकर वृक्षारोपण करना चाहिए। केवीएस प्रीमियर ग्रुप के प्रबंधन ने बताया कि संस्था द्वारा केवल विश्व पर्यावरण दिवस तक ही सीमित न रहते हुए 25 मई से पर्यावरण संरक्षण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण तथा स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों एवं जागरूकता अभियानों का आयोजन किया गया। इन अभियानों के माध्यम से कर्मचारियों एवं आमजन को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। समूह के प्रबंध निदेशक (एम.डी.) श्री देवेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। वहीं डायरेक्टर श्री अर्पण जिन्दल ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण प्रदान करने के लिए आज से ही ठोस प्रयास करने होंगे। कार्यक्रम में वाईस प्रेसीडेंट श्री एस. के. सिंह, जी.एम. दीपक यादव, राजीव गुप्ता, ए.बी. शुक्ला, कर्मराज यादव, नवीन भट्ट, समीर त्यागी, दीपक जायसवाल, आर.एस. भारती, संजय राणा, दीपक श्रीवास्तव, गिरीश सनवाल सहित केवीएस प्रीमियर परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे वृक्षारोपण के साथ ही सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने, स्वच्छता बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रकृति के संरक्षण के लिए सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना भी रहा। विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम क्षेत्र में हरित वातावरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ, जिसकी उपस्थित लोगों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!