







काशीपुर। प्रजापति महासभा उत्तराखंड के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आज उत्तराखंड माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर गैर प्रजापति समाज के व्यक्ति की नियुक्ति का विरोध करते हुए उत्तराखंड के महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी के पेशकार को सौंपा। महासभा ने इस नियुक्ति पर पुनर्विचार करते हुए प्रजापति समाज के योग्य एवं समाज हित में कार्य करने वाले व्यक्ति को उक्त पद पर नियुक्त किए जाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान उत्तराखंड प्रजापति महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष गोकुल सिंह ने कहा कि उत्तराखंड माटी कला बोर्ड का गठन माटी कला, कुम्हार एवं प्रजापति समाज के पारंपरिक व्यवसाय, कला, संस्कृति और उनके आर्थिक एवं सामाजिक उत्थान के उद्देश्य से किया गया था। बोर्ड का मूल उद्देश्य समाज के उन लोगों को प्रोत्साहन देना है जो पीढ़ियों से माटी कला के संरक्षण और संवर्धन का कार्य करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर गैर प्रजापति समाज के व्यक्ति की नियुक्ति किए जाने से प्रजापति समाज में गहरा रोष और निराशा व्याप्त है। समाज के लोगों का मानना है कि जिस बोर्ड का सीधा संबंध प्रजापति समाज के पारंपरिक व्यवसाय, कला और हितों से जुड़ा हुआ है, उसके महत्वपूर्ण पदों पर समाज के अनुभवी, योग्य और समाज व संगठन के प्रति समर्पित व्यक्तियों को ही अवसर मिलना चाहिए।
महासभा के प्रतिनिधियों ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि यदि बोर्ड के शीर्ष पदों पर समाज से जुड़े व्यक्तियों को प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा तो बोर्ड अपने मूल उद्देश्यों की प्रभावी ढंग से पूर्ति नहीं कर पाएगा। उन्होंने महामहिम राज्यपाल से अनुरोध किया कि इस निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर प्रजापति समाज के योग्य, अनुभवी तथा समाज और पार्टी के प्रति समर्पित व्यक्ति की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि समाज की भावनाओं का सम्मान हो सके और बोर्ड अपने उद्देश्यों को बेहतर ढंग से पूरा कर सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाज के सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि प्रजापति समाज वर्षों से माटी कला और कुम्हार व्यवसाय से जुड़ा रहा है तथा इस क्षेत्र में समाज का योगदान अतुलनीय रहा है। इसलिए समाज से जुड़े बोर्ड में समाज को उचित प्रतिनिधित्व मिलना आवश्यक है। इस अवसर पर डोरी लाल प्रजापति, विजयपाल प्रजापति, सीपी सिंह प्रजापति, राम सिंह प्रजापति, करन सिंह प्रजापति, प्रशांत सिंह एडवोकेट, पूरन सिंह, अमर सिंह, सुभाष चंद्र प्रजापति, हरिप्रकाश सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



