
जसपुर/काशीपुर। जसपुर के पतरामपुर रोड स्थित वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल सलीम द्वारा निर्मित मास्टर रिजॉर्ट के भव्य उद्घाटन समारोह में पहुंचे उत्तराखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता यशपाल आर्य ने मीडिया से रूबरू होते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को पूरी मजबूती और ताकत के साथ लड़ेगी यशपाल आर्य ने कहा कि वर्तमान समय में उत्तराखंड की जनता भाजपा सरकार से बेहद निराश और नाराज है। प्रदेश में बेरोजगारी, महंगाई लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार जनता की मूल समस्याओं के समाधान की बजाय केवल बड़े-बड़े दावे और घोषणाएं करने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के सामने पलायन सबसे बड़ी चुनौती है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे पर कोई ठोस नीति बनाने में विफल रही है। गांव लगातार खाली हो रहे हैं और युवाओं को रोजगार के लिए प्रदेश छोड़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है, जो बेहद चिंताजनक है। प्रदेश की माताएं-बहनें स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी और युवा समेत समाज का हर वर्ग आज परेशान है। रासायनिक खाद, कृषि दवाइयों, डीजल और पेट्रोल की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे किसानों की लागत बढ़ती जा रही है और आम आदमी का घरेलू बजट भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। महंगाई ने जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार लोगों को राहत देने के बजाय अपनी नाकामियों को छिपाने का प्रयास कर रही है। यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने में वह पूरी तरह विफल रही है। जनता अब वास्तविक विकास और जनहित की राजनीति चाहती है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के लोग बड़ी उम्मीद और विश्वास के साथ कांग्रेस पार्टी की ओर देख रहे हैं तथा आगामी विधानसभा चुनाव में परिवर्तन का माहौल दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस जनता के सहयोग से उत्तराखंड में एक मजबूत और जनहितैषी सरकार बनाने में सफल होगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जुगनू खान
संपादक – जुगनू खबर
पता – काशीपुर, 244712
संपर्क – 6396151800



